कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिला। सीजेपी की ओर से उसके प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने जेपी नड्डा से मुलाकात की और अपनी मांगों की सूची सौंपी। सीजेपी की ओर से प्रमुख तौर पर तीन मांगें की गई है।
सीजेपी की ओर से क्या मांग की गई?
- सोनम वांगचुक को छोड़ा जाए और उनकी यात्राओं पर कोई रोक ना लगाई जाए
- धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लिया जाए या फिर उनको बर्खास्त किया जाए
- नीट के जिन अभ्यर्थियों ने पेपर लीक के कारण आत्महत्या की है, उनके परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए
जेपी नड्डा ने क्या कहा?
सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने के बाद जेपी नड्डा ने सोशलमीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, “आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 AM से ही हमारी बातचीत जारी है।सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई। उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके द्वारा लगभग 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई। मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने धरने को समाप्त करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें।”
दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके पर क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने उन दावों का खंडन किया है जिनमें सौरव दास ने कहा था कि अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कहा कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक खबरें फैल रही हैं जिनमें दावा किया जा रहा है कि अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह स्पष्ट किया जाता है कि ये आरोप पूरी तरह से झूठे हैं और वे मंच पर मौजूद हैं।
दिल्ली पुलिस ने जारी किया बयान
दिल्ली पुलिस ने X पर एक पोस्ट में बयान जारी कर कहा, “दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और शांति और पब्लिक ऑर्डर पक्का करने में पुलिस का साथ देने की अपील करती है। सभी लोगों से रिक्वेस्ट है कि वे शांति से पेश आएं, किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक काम में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के कानूनी निर्देशों का पालन करें। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी प्लेटफॉर्म से अफवाहों, गलत जानकारी या बिना वेरिफिकेशन वाले कंटेंट पर विश्वास न करें या उसे शेयर न करें। नागरिकों से रिक्वेस्ट है कि वे जानकारी के सिर्फ़ असली सोर्स पर ही भरोसा करें और शांति, भाईचारा और पब्लिक ऑर्डर बनाए रखने में दिल्ली पुलिस को अपना सहयोग दें।”
यह भी पढ़ें- ‘अहिंसक प्रदर्शन पर लाठीचार्ज क्यों…’
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि जब विरोध प्रदर्शन अहिंसक है तो लाठी चार्ज क्यों किया जा रहा है? वह लोकसभा परिसर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज को लेकर अपनी बात कह रहे थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
