पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कवायद एक बार फिर तेज होती दिख रही है। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा है कि राज्य सरकार जल्द ही विधानसभा में एक विधेयक पेश कर राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने जा रही है।
कूच बिहार में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अब राज्य को ‘बंगाल’, ‘वेस्ट बंगाल’ या ‘बांग्ला’ के नाम से नहीं जाना जाएगा, बल्कि इसका नाम ‘पश्चिम बंग’ होगा।
उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य को उसके इतिहास और अतीत से जोड़ने के उद्देश्य से लिया जा रहा है और सरकार अपने पहले ही विधानसभा सत्र में इससे संबंधित विधेयक ला सकती है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी समिक भट्टाचार्य के इस बयान का समर्थन किया है।
वाराणसी में बनेगा ‘पश्चिम बंग भवन’
समिक भट्टाचार्य ने वाराणसी में प्रस्तावित ‘पश्चिम बंग भवन’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, केंद्र सरकार और कूच बिहार राजपरिवार के वंशजों की पहल से वाराणसी में इस परिसर के निर्माण की योजना बनाई गई है।
प्रस्तावित भवन में सांस्कृतिक केंद्र, कॉन्फ्रेंस हॉल, पुस्तकालय, बंगाली साहित्य और गीतों का संग्रह तथा पार्किंग की सुविधा होगी। इसके अलावा बंगाल से वाराणसी आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि वाराणसी और बंगाल के बीच लंबे समय से सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध रहे हैं।
नाम बदलने की कोशिश पहले भी हो चुकी है
राज्य का नाम बदलने का मुद्दा नया नहीं है। 1999 में ज्योति बसु के नेतृत्व वाली वाम मोर्चा सरकार ने ‘पश्चिम बंग’ नाम रखने का प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद 2011 में ममता बनर्जी सरकार ने भी नाम बदलने की पहल की।
2016 में तीन अलग-अलग भाषाओं में अलग-अलग नाम रखने का प्रस्ताव आया- बंगाली में ‘बांग्ला’, अंग्रेजी में ‘बंगाल’ और हिंदी में ‘बंगाल’। इसके बाद 2018 में विधानसभा ने सर्वसम्मति से राज्य का नाम ‘बांग्ला’ रखने का प्रस्ताव पारित किया था। हालांकि केंद्र की मंजूरी नहीं मिलने के कारण यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के ताजा बयान के बाद राज्य के नाम को लेकर बहस फिर शुरू हो गई है। समिक भट्टाचार्य का कहना है कि ‘पश्चिम बंग’ नाम राज्य के इतिहास और बंगाली पहचान से बेहतर तरीके से जुड़ा हुआ है। अगर विधानसभा में विधेयक पेश किया जाता है, तो उसके बाद राज्य के नाम में औपचारिक बदलाव के लिए संवैधानिक प्रक्रिया के तहत केंद्र की मंजूरी भी जरूरी होगी।
यह भी पढ़ें: ‘लड़ाई आसान नहीं, लंबे आंदोलन के लिए रहें तैयार’, 10 अक्टूबर को CJP और छात्र संगठनों का प्रदर्शन, कहा- ‘ये भारत के लोग बनाम BJP है’
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी(CJP) और विभिन्न छात्र संगठनों ने देशभर में एकजुट आंदोलन का आह्वान किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
