तृणमूल कांग्रेस की परेशानी शुक्रवार को और गंभीर रूप से बढ़ती दिख रही है क्योंकि बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने का मन बना लिया है। साथ ही टीएमसी का बागी गुट 15 जून ओम बिरला से मिलकर असली टीएमसी होने का दावा भी पेश करने जा रहे हैं।
जगदीश बर्मा बसुनिया पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के सांसद हैं, जो उन सांसदों में शामिल हैं जो टीएमसी से बगावत कर चुके हैं।
लोकसभा स्पीकर ने दिया टाइम- बागी सांसद
न्यूज एजेंसी एएनआई से टीएमसी के बागी सांसद जगदीश बर्मा बसुनिया ने कहा, “हमें सोमवार को लोकसभा स्पीकर से मिलने का समय मिला है, अगर ओम बिरला के पास समय होगा तो जरूर मिलेंगे। सभी (बागी) सांसद उनसे मिलने जाएंगे, वे सभी कल दिल्ली आ रहे हैं। रविवार 14 जून को दिल्ली में सभी सांसदों की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बैठक होगी और फिर हम 15 जून को अध्यक्ष से मिलने जाएंगे, इसमें सभी 19 सांसद शामिल होंगे।”
बाकियों से अलग बैठने की करेंगे मांग- सांसद जगदीश
बागी गुट के एमपी जगदीश बर्मा ने सवाल के जवाब में कहा, “हमने असली TMC गुट बनाया है। अधिकतर सांसद हमारे साथ हैं। स्पीकर को हमें इसी रूप में मान्यता देनी होगी। हम स्पीकर से बैठने के लिए अलग जगह की मांग करेंगे, न कि वैसी व्यवस्था जैसी बाकी TMC के लिए है।”
कल्याण बनर्जी भी आ सकते हैं साथ- सांसद
बागी TMC सांसद ने कल्याण बनर्जी को लेकर दावा करते हुए कहा, “कल्याण बनर्जी ने कल ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बात की। हो सकता है कि वह भी हमारे साथ आ जाएं।”
ममता बनर्जी की ओर से कोई कॉल नहीं आया- सांसद
जब बागी TMC सांसदों से पूछा गया कि क्या उन्हें पार्टी चेयरपर्सन ममता बनर्जी का कोई कॉल आया, तो जगदीश बर्मा बसुनिया ने कहा, “मुझे कोई फोन नहीं आया। मुझे नहीं पता कि किसी सांसद को फोन आया या नहीं। किसी एमपी को कॉल आया या नहीं आया मुझे नहीं पता, आगे पूछने पर कि किसी से कोई संपर्क किया गया है तो उन्होंने इसका उत्तर नहीं में दिया।”
कीर्ति आजाद के आरोपों को किया खारिज
कूच बिहार सांसद ने टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद के उन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि सांसदों को दल-बदलने के लिए उकसाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “कीर्ति आजाद झूठ बोल रहे हैं। हम 19 सांसद हैं और वह भी सांसद हैं, ऐसे आरोप लगाना उचित नहीं है।”
इसी बीच कीर्ति आजाद ने भाजपा पर ऑपरेशन लोटस के जरिए दलबदल कराने की कोशिश का आरोप लगाया। एक्स की एक पोस्ट में, उन्होंने राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे, लोकसभा के बागी सांसदों और भाजपा नेताओं की बैठकों का हवाला देते हुए टीएमसी को कमजोर करने के संगठित प्रयास के सबूत के रूप में पेश किया।
कीर्ति आजाद ने दावा किया, “गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर पश्चिम बंगाल में ऑपरेशन लोटस चल रहा है।” साथ ही कहा कि उनकी यह कोशिश अब तक फेल रही है।
यह भी पढ़ें: ‘अभिषेक बनर्जी का ईगो कहां गया’, TMC के अंदरूनी कलह पर लॉकेट चटर्जी बोलीं- पार्टी ने मां, माटी, मानुष तीनों खो दिया
पश्चिम बंगाल में इन दिनों टीएमसी के भीतर कलह बढ़ती ही जा रही है। इस लेकर शुक्रवार को भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने टीएमसी को घेरा है। उन्होंने कहा कि अब टीएमसी में पार्टी का सिर्फ लोगो ही बचा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
