पश्चिम बंगाल में उत्तरी कोलकाता के चोरबागन सार्वजनीन इलाके में दुर्गा पूजा के दौरान एक दर्दनाक घटना घट गई है। शनिवार को भारी भीड़ के कारण यहां पंडाल में भगदड़ मच गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीटीआई को बताया है कि इस घटना के कारण 17 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, वहीं कई घायल बताए जा रहे हैं। उन्हें कोलकाता मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कई लोग बेहोश हो गए, कुछ लोगों को बाइक पर ले जाया जा रहा था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “कई लोग बेहोश हो गए; कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर ले जाया जा रहा था। मैंने अपने आस-पास यही सब होते देखा जब लोग बेहोश हुए, तो उन्हें बाइकों पर ले जाया गया। यह सब हुआ, और वहाँ भारी भीड़ भी थी।”

शुभेंदु अधिकारी पहुंचे अस्पताल

पीटीआई के मुताबिक, घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी ने भी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की।

कैसे मची भगदड़?

बताया जा रहा कि जैसे ही बारिश शुरू हुई, चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर इंतजार कर रहे लोग आगे की तरफ भागे, और कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े, जिससे भगदड़ मच गई।

सरकार ने जारी किया टोल-फ्री नंबर

बंगाल सरकार ने हादसे से जुड़ी जानकारी के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की है। ये टोल-फ्री नंबर 18003455678 है। घटना से जुड़ी जानकारी के लिए प्रभावित लोग इस नंबर पर कॉल कर सकते हैं।

35 लोगों को भेजा गया अस्पताल- पुलिस

मामले में कोलकाता पुलिस ने कहा, “आज शाम करीब 7:40 बजे बारिश के बीच पंडाल घूमने आए लोगों की भारी भीड़ के कारण गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले शारदा पार्क (चोर बागान) दुर्गा पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई।”

पुलिस ने आगे कहा, “अब इस पूजा पंडाल को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए MCH (मेडिकल कॉलेज अस्पताल) भेज दिया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 35 लोगों को MCH भेजा गया है।”

पुलिस ने पंडाल में लोगों के जाने पर लगाई रोक

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद कोलकाता पुलिस ने लोगों को चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में जाने से रोक दिया। साथ ही एहतियात के तौर पर, पुलिस ने सुरुचि संघ, चेतला अग्रानी और कई अन्य बड़े पूजा पंडालों को भी दर्शकों के लिए बंद कर दिया है। ताला प्रत्यय ने घोषणा की है कि अगले आदेश तक यह दर्शकों के लिए बंद रहेगा।

राज्यपाल ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, “कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में बहुमूल्य जानों के नुकसान से गहरा दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”

ममता बनर्जी ने जताया दुख

घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “चोर बागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ के बारे में सुनकर झटका लगा है और मैं इससे दुखी हूं। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करूंगी कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं और उनके परिवारों को इसे कठिन समय में शक्ति और साहस मिले।”

एएनआई के बात करते हुए TMC विधायक कुणाल घोष ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा, “उत्तरी कोलकाता के चोर बागान पूजा में एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं को मेडिकल कॉलेज ले जाने का काम चल रहा है। यह घटना कैसे या क्यों हुई, इस पर बाद में बात की जा सकती है, लेकिन अभी हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। हम पुलिस प्रशासन से अपील करते हैं; हमारे कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं। अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। हम पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। पंडाल के अंदर अभी भी राहत और बचाव कार्य किए जाने की जरूरत है। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पूजा के समय यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।”

पंडाल के थीम ने खींचा था ध्यान

इस साल, चोरबगान सार्वजनीन ने अपनी थीम ‘अरोब’ (Arob) के कारण सबका खास ध्यान खींचा है। अंग्रेजी में इसका अर्थ ‘ध्वनि से परे’ (Beyond Sound) होता है।

इससे पहले, कोलकाता के कई पूजा पंडालों को भारी भीड़ और भगदड़ जैसी स्थितियों के कारण बंद करना पड़ा था। देशप्रिया पार्क, श्रीभूमि और कल्याणी के दुर्गा पूजा पंडालों में भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली थी।

यह भी पढ़ें: ‘एजेंसी को प्राइवेट कर देना चाहिए’, RG कर पीड़िता के आरोपी को जमानत मिलने पर CBI पर भड़के पिता

पश्चिम बंगाल के आरजी कर रेप-मर्डर मामले की पीड़िता के माता-पिता ने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्रीय जांच ब्यूर (सीबीआई) को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें