Kolkata Durga Puja Pandal Stampede: कोलकाता के एक प्रमुख दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार कोो भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 25 लोग घायल हो गए। आपातकालीन स्थिति में पहुंचे बचाव दल और अधिकारियों ने बताया कि चोरबागान पूजा पंडाल में हुई एक घोषणा के कारण भगदड़ मच गई।
हालांकि, शनिवार देर रात तक भी घटनाक्रम के बारे में पूरी जानकारी सामने नहीं आ पाई थी, क्योंकि अधिकारी पश्चिम बंगाल के सबसे बड़े त्योहारों के मौसम के बीच घटी इस त्रासदी को समझने की कोशिश कर रहे थे।
शाम 7 बजे से 8 बजे के बीच हुई भगदड़ से पहले बनाए गए वीडियो में पंडाल में प्रवेश करने के लिए भारी भीड़ दिखाई दे रही थी। यह इलाका संकरी गलियों से बना है, जहां एक समय में केवल तीन से चार लोग ही साथ-साथ चल सकते हैं। इंडियन एक्सप्रेस से बात करने वाले स्थानीय लोगों के अनुसार, इस त्रासदी के पीछे कई कारण हो सकते हैं, संकरी गलियां, उत्सव में आए लोगों को संभालने के लिए स्वयंसेवकों की कमी, बारिश के कारण लोगों का तेजी से पंडाल के अंदर जाना और कथित तौर पर की गई यह घोषणा कि अगर भीड़ को नियंत्रित नहीं किया गया तो पंडाल गिर सकता है।
स्वयंसेवक ज्यादातर स्थानीय युवा थे
इलाके में रहने वाली एक महिला ने बताया कि स्वयंसेवक ज्यादातर स्थानीय युवा थे, जिन्हें भीड़ प्रबंधन के बारे में बहुत कम जानकारी है। उन्होंने और इलाके के कई अन्य लोगों ने कहा कि ऐसा नहीं लगा कि कोई एम्बुलेंस स्टैंडबाय पर मौजूद थी। मृतकों और घायलों को दो किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित कलकत्ता मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। आधी रात तक, अपने परिजनों की खबर जानने के लिए दर्जनों परेशान रिश्तेदार वहां इंतजार करते रहे।
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए पीड़ितों में से एक श्रीपर्णा पोद्दार की रिश्तेदार दीपा डे ने कहा, “श्रीपर्णा हुगली के बैद्यबाटी में रहती थीं और एक प्राइवेट अस्पताल में नर्स थीं। आज उनकी छुट्टी थी, इसलिए वह अपने दोस्तों के साथ पंडाल घूमने गई थीं। चोरबागान की पूजा काफी मशहूर है।”
अधिकारियों और पूजा समिति ने क्या व्यवस्था की थी- सुल्तान अहमद
दीपा ने सवाल किया, “आयोजक क्या कर रहे थे? हम सभी जानते हैं कि यह पूजा कितनी लोकप्रिय है, फिर सुरक्षा व्यवस्था कहां थी?” सुल्तान अहमद की मित्र कल्पना यादव की इस घटना में मृत्यु हो गई। सुल्तान ने कहा, “वह परिवार के साथ कोलकाता की प्रसिद्ध पूजा देखने गई थीं। उनके बच्चे बच गए। मैं क्या कहूं? अधिकारियों और पूजा समिति ने क्या व्यवस्था की थी?”
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने क्या बताया?
अस्पताल पहुंचे शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पूजा आयोजकों और भीड़ को संभालने के लिए रखे गए प्राइवेट सिक्योरिटी गार्डों को हिरासत में ले लिया है। शहर भर के पंडालों में, खासकर शाम के समय, हजारों लोगों की भीड़ जमा हो जाती है।
अधिकारी ने कहा, “मुझे अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, आयोजकों ने लाउडस्पीकर पर कोई घोषणा की थी, जिसके बाद यह घटना हुई। (गृह मंत्री) अमित शाह जी ने कल के अपने (राज्य के) कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वह घायलों और पीड़ितों से मिलने जाएंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है।
उन्होंने कहा, “मैं सभी पूजा समितियों से अपील करता हूं कि वे पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर काम करें। अगर एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर कोई कमी है, तो उसे ठीक करें। पूजा की थीम से कहीं ज्यादा जरूरी लोगों की जान है।” राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए एक पैनल बनाया है। इसके अलावा, फोरेंसिक और फायर ब्रिगेड की टीमें भी यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि असल में क्या गड़बड़ी हुई। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सीसीटीवी फुटेज से मदद मिलने की उम्मीद है।
पीएम मोदी ने अनुग्रह राशि देने की घोषणा की
प्रधानमंत्री ने जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह भगदड़ की खबर सुनकर गहरे सदमे और दुख में हैं। उन्होंने कहा, “मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं और उनके परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत और हौसला मिले।”
यह भी पढ़ें: मोदी-शाह ने जताया दुख; मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की मदद
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी और वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर से बेहद स्तब्ध हैं और उन्हें इससे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
