पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने विधानसभा को भंग करने की घोषणा कर दी है। आज ही बंगाल विधानसभा का कार्यकाल भी पूरा हो रहा था। हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अभी तक अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया था। बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आए थे, जिसमें बीजेपी को 207 और टीएमसी को 80 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

ममता बनर्जी ने लगाए थे आरोप

चुनावी नतीजे आने के बाद ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए थे। ममता बनर्जी का कहना है कि करीब 100 सीटों पर बेईमानी से टीएमसी को हराया गया है। हालांकि भाजपा ने सभी आरोपों को नकारा है। ममता बनर्जी ने कहा है कि एसआईआर में करीब 31 लाख नाम कटे हैं और बीजेपी को टीएमसी से 32 लाख अधिक वोट मिले हैं। ममता बनर्जी टीएमसी की हार का दोष SIR पर डाल रही हैं।

ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा सीट से सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ रही थी और हार गई थीं। सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को करीब 15 हजार वोटों से हराया है। भवानीपुर ममता बनर्जी का गढ़ माना जाता था, लेकिन इस बार इस किले को भाजपा ने भेद दिया।

8 मई को भाजपा विधायक दल की बैठक है और उसी में पार्टी विधायक दल का नया नेता चुनेगी। 2021 में बीजेपी ने सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना था और उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई थी। बीजेपी जिसे विधायक दल का नेता चुनेगी, वही राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। 9 मई को बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है। गृह मंत्री अमित शाह को भाजपा ने बंगाल विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

(यह भी पढ़ें- फूटकर रोने लगीं चंद्रनाथ रथ की पत्नी इंद्रानी रथ)

सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या की खबर ने बंगाल की राजनीति को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया है। मृतक चंद्रनाथ रथ की पत्नी इंद्रानी रथ ने अपने पति के हत्यारों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर