West Bengal News: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि एक प्राइवेट अस्पताल पर टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को भर्ती न करने का दबाव डाला गया। शनिवार को अभिषेक बनर्जी सोनारपुर में चुनाव के बाद हुई हिंसा में मारे गए पार्टी कार्यकर्ता से मिलने गए थे। यहां पर उन पर पत्थरबाजी की गई और अंडे फेंके गए।

ममता बनर्जी का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है। इसमें कथित तौर पर वह एक प्राइवेट अस्पताल के सीईओ को डांटती हुई नजर आ रही हैं। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता देबजीत सरकार द्वारा शेयर किए गए इस फुटेज में, पूर्व मुख्यमंत्री को कथित तौर पर सीईओ से यह कहते हुए सुना जा सकता है, “माफ करना तुमने बहुत गलत काम किया है। कृपया याद रखना कि हमने तुम्हारी कितनी मदद की है। भगवान तुम्हें माफ नहीं करेगा। तुमने कभी किसी मरीज का इलाज नहीं किया, तुम्हें शर्म आनी चाहिए। हर कोई इस अहंकार को याद रखेगा। तुम अस्पताल चला रहे हो और डॉक्टरों को धमका रहे हो, सिर्फ इसलिए क्योंकि अभी बीजेपी सत्ता में है।”

बीजेपी सरकार सभी अस्पतालों को धमकी दे रही- ममता बनर्जी

शनिवार रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार सभी अस्पतालों को धमकी दे रही है कि वे अभिषेक बनर्जी को भर्ती न करें। उन्होंने कहा, “दोनों अस्पतालों (जहां अभिषेक को ले जाया गया था) ने (उनकी चोटों की) गंभीरता का जिक्र किया। उन्हें आईटीयू (इंटेंसिव थेरेपी यूनिट) में भर्ती किया गया था।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्राइवेट अस्पताल के सीईओ ने उन्हें बताया था कि उन्हें पुलिस और बीजेपी नेताओं से धमकी भरे कॉल आ रहे थे, जिसमें कथित तौर पर उन्हें अभिषेक को भर्ती न करने की चेतावनी दी जा रही थी। ममता बनर्जी ने दावा किया, “जिस तरह से उन पर (अभिषेक पर) हमला किया गया, उससे उनकी मौके पर ही मौत हो सकती थी। डॉक्टरों ने बताया कि उनके पूरे शरीर पर खून के थक्के जमने के निशान हैं, उनका ब्लड प्रेशर ऊपर-नीचे हो रहा है और डॉक्टर उन्हें डिस्चार्ज नहीं करना चाहते थे, लेकिन अपनी नौकरी बचाने के लिए उन्हें ऐसा करना पड़ा।”

बीजेपी ने ममता बनर्जी की आलोचना की

भारतीय जनता पार्टी ने उनके हस्तक्षेप की आलोचना की है और सवाल उठाया है कि क्या वह अभिषेक बनर्जी को अस्पताल में भर्ती कराने की कोशिश कर रही थीं ताकि वह पश्चिम बंगाल सिग्नेचर जालसाजी मामले से संबंधित सोमवार को होने वाली सीआईडी ​​​​के समन से बच सकें।

अस्पताल में ममता बनर्जी का एक वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा, “अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ममता बनर्जी के व्यवहार पर शर्म आती है। क्या यह अभिषेक बनर्जी को भेजे गए सीआईडी ​​समन से बचने की कोशिश है? जिन मरीजों को वास्तव में इलाज की जरूरत है, उन्हें राजनीतिक दबाव के कारण परेशानी नहीं झेलनी चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि मेडिकल रिपोर्ट से पता चलता है कि अभिषेक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और ममता पर अस्पताल के सीईओ को धमकी देने का आरोप लगाया। इस घटना के संबंध में प्राइवेट अस्पताल ने कोई बयान जारी नहीं किया है।

यह भी पढे़ं: टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला

टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि रविवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में बीजेपी समर्थकों ने उन पर हमला किया है। जब यह घटना हुई उस वक्त कल्याण बनर्जी टीएमसी के कार्यकर्ताओं के साथ हाल में हुई हिंसा की घटनाओं के विरोध में ज्ञापन सौंपने के लिए वहां पहुंचे थे।  यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…