पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच भारतीय निर्वाचन आयोग ने राज्य में पुलिस अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले और नई नियुक्तियों के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया।

आयोग के आदेश के अनुसार सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल का डीजी और आईजीपी (इन-चार्ज) बनाया गया है। वहीं नटराजन रमेश बाबू को डीजी- करेक्शनल सर्विसेज, अजय मुकुंद रानाडे को एडीजी और आईजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) बनाया गया है। जबकि अजय कुमार नंद को कोलकाता पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। चुनाव आयोग का आदेश है कि संबंधित अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की रिपोर्ट 16 मार्च को दोपहर 3 बजे तक भेजी जाए। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक चुनाव से जुड़े किसी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक दिन पहले ही अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भरोसा दिलाया था कि पश्चिम बंगाल में चुनाव शांतिपूर्ण और हिंसा-मुक्त कराए जाएंगे।

इसी उद्देश्य से चुनाव आयोग ने राज्य के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों (पश्चिम बंगाल के डीजीपी और कोलकाता के पुलिस आयुक्त समेत) के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं।

यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले बदले गए पश्चिम बंगाल के मुख्य और गृह सचिव, जानें किसे मिली नई जिम्मेदारी

विधानसभा चुनाव की घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और गृह सचिव को बदलने का फैसला किया है। चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक, राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अब दुष्यंत नारियावाला को नया मुख्य सचिव बनाया गया है। गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीना को उनके पद से हटाकर 1997 बैच के आईएएस अधिकारी संघमित्रा घोष को गृह सचिव नियुक्त किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…