West Bengal News: पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने का काम जारी है। इस दौरान ही बंगाल के कूचबिहार के मेखलीगंज सीमा के कुचलीबारी इलाके में तनाव बढ़ गया। यहां तिन बीघा कॉरिडोर के पास अंतर्राष्ट्रीय सीमा के हिस्सों में बाड़ लगाने के काम के दौरान बीएसएफ और बांग्लादेशी बॉर्डर गार्ड्स की तरफ से आपत्ति जताई है।
मीडिया और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड यानी बीजीबी की आपत्तियों और स्थानीय निवासियों के एक वर्ग के विरोध के चलते बीएसएफ का जमीन मापने का काम बाधित हुआ था। इस टकराव की जानकारी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मिली।
जमीन मापने को लेकर हुई झड़प
बीएसएफ और बीजीबी के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते अधिकारियों ने बीएसएफ के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ बीजेपी विधायकों और सांसदों सहित स्थानीय राजनीतिक प्रतिनिधियों को भी सूचित किया। इसके बाद शनिवार को बीएसएफ अधिकारियों की उपस्थिति में दो अलग-अलग फ्लैग मीटिंग आयोजित की गईं।
फ्लैग मीटिंग से शांति बहाल करने की कोशिश
दोनों ओर से हुई फ्लैग मीटिंग्स में एक में बीजीबी (बीजीबी) और दूसरी में स्थानीय ग्रामीण और बीजेपी प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इसके जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की गई।
फ्लैग मीटिंग में भारतीय निवासियों के एक वर्ग ने स्पष्ट कर दिया कि वे तिन बीघा क्षेत्र में बाड़ लगाने के काम में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके अलावा कई लोगों यह चेतावनी भी दी और कहा कि वे बांग्लादेशी पक्ष के दबाव को स्वीकार नहीं करेंगे और न ही भारतीय हितों से समझौता करेंगे।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
इस मामले में स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीमावर्ती क्षेत्र में लंबे समय से बाड़बंदी न होने के कारण मवेशी तस्करी, मानव तस्करी और अवैध घुसपैठ की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताएं पैदा हो गईं।
इस मामले में अधिकारियों ने भी सीमा पार अनियंत्रित आवाजाही पर चिंता व्यक्त की। राज्य में हाल ही में हुए राजनीतिक परिवर्तनों के बाद सीमा से सटी भूमि पर बाड़ लगाने के कार्य में तेजी लाने के लिए बीएसएफ को सौंपने का निर्णय लिया गया है।
राज्य सरकार द्वारा भूमि हस्तांतरण के बाद सीमांकन और मापन कार्य शुरू हो गए और अधिकारियों ने संकेत दिया कि कांटेदार तार की बाड़ का निर्माण शीघ्र ही शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: कोलकाता नगर निगम के नोटिस और फाल्टा विवाद: क्या टीएमसी में बढ़ रही है अभिषेक बनर्जी के खिलाफ नाराजगी?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के अंदर मतभेद खुलकर सामने आ गए। इसमें पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की अध्यक्षता में हुई एक बंद कमरे की बैठक के दौरान पार्टी के कई नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की भूमिका पर खुले तौर पर सवाल उठाए हैं। पढ़िए पूरी खबर…
