सीबीआई ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी राजकुमार सिंह को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिंह को सीबीआई की एक टीम ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया।

चंद्रनाथ रथ की छह मई को मध्यग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के दो दिन बाद हुई थी। पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध के बाद सीबीआई ने पश्चिम बंगाल पुलिस से रथ की हत्या मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने दिल्ली के विशेष अपराध विभाग के एक डीआईजी के नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया है।

तीन लोगों को किया था गिरफ्तार

इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच टीम ने टोल प्लाजा पर संदिग्धों में से एक द्वारा किए गए यूपीआई लेनदेन से मिले सुरागों के आधार पर उन्हें पकड़ा था।

जांच से पता चला था कि हमलावर पश्चिम बंगाल से बाहर के थे। तकनीकी निगरानी, ​​डिजिटल ट्रैकिंग और अन्य सूचनाओं के आधार पर एसआईटी के सदस्यों को उत्तर प्रदेश और बिहार भेजा गया। जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई संदिग्ध कार हत्या से पहले बाली टोल प्लाजा से गुजरी थी। उन्होंने बताया था कि कार में सवार लोगों में से एक ने यूपीआई से टोल का भुगतान किया था। उन्होंने बताया था कि तीनों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, अवैध हथियार रखने, आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।

दो आरोपियों (मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य) को बिहार के बक्सर से जबकि तीसरे आरोपी राज सिंह को बलिया (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया था।

पश्चिम बंगाल में भी खत्म हो जाएगी पत्थरबाजी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पत्थरबाजों को कड़ी चेतावनी दी है। अधिकारी ने सोमवार को कहा कि जिस तरह जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी को खत्म कर दिया गया, उसी तरह पश्चिम बंगाल में भी इसे जल्द ही पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।