खराब मौसम के कारण मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री दमदम से केशपुर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे। लेकिन रास्ते में मौसम बिगड़ने पर पायलट ने सुरक्षा के मद्देनजर कोलाघाट के एक खुले मैदान में हेलीकॉप्टर उतारने का फैसला किया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी केशपुर में स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद वे सड़क मार्ग से पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर के लिए रवाना हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि यह लैंडिंग पूरी तरह एहतियात के तौर पर की गई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग से पहले मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी। हालांकि, कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा नेता के हेलीकॉप्टर में सवार होने से पहले ही इस खराबी को दूर कर लिया गया था।

इसके बाद शुभेंदु अधिकारी उसी हेलीकॉप्टर से केशपुर के लिए रवाना हुए। लेकिन मंगलवार सुबह केशपुर में गरज-चमक के साथ हुई बारिश और कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए अस्थायी हेलिपैड पर जलभराव के कारण हेलीकॉप्टर को पूर्वी मेदिनीपुर के कोलाघाट में उतारना पड़ा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

बंगाल में बारिश का अलर्ट

दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में और बारिश होने की संभावना है। देश के कई राज्यों की तरह यहां भी मानसून का असर बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार से झाड़ग्राम, दक्षिण 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी।

पुलिस हिरासत में हुई थी जिस TMC कार्यकर्ता की मौत, उसके परिवार से मिले शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को हालिशहर में पुलिस हिरासत में हाल ही में मृत पाए गए तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता के परिवार वालों से मुलाकात की और 10 लाख रुपये के मुआवजे और उनकी पत्नी के लिए नौकरी की घोषणा की।

प्रशासन ने मामले के जांच अधिकारी को भी सस्पेंड कर दिया और हिरासत में हुई मौत की मजिस्ट्रेट जांच पूरी होने तक हालिशहर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को सक्रिय ड्यूटी से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।