पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को चुनौती दी है। अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि वह 2029 के लोकसभा चुनावों में अभिषेक बनर्जी को उनके ही गढ़ में हराएंगे। अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से सांसद हैं। अभिषेक 2014 से लगातार इस सीट से चुनाव जीत दर्ज कर रहे हैं।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “अगर आपमें (अभिषेक) हिम्मत है, तो 2029 के चुनावों में डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ें। मेरी बात लिख लीजिए, 2024 में आपको जितने वोट मिले थे, मैं आपको उससे कम से कम एक वोट ज्यादा हासिल करके हराऊंगा। भले ही CPI(M) भी आपका समर्थन कर दे, फिर भी आपकी जमानत जब्त हो जाएगी।”
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साल्ट लेक स्थित बीजेपी कार्यालय में ‘जनता दरबार’ को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
सात लाख से ज्यादा वोटों से जीते थे अभिषेक
2024 के लोकसभा चुनावों में अभिषेक बनर्जी ने सात लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से डायमंड हार्बर सीट बरकरार रखी थी। अभिषेक बनर्जी ने हाल ही में आरोप लगाया था कि पुलिस टीएमसी कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रही है।
शुभेंदु अधिकारी ने इसे लेकर कहा, “वे (अभिषेक) शायद सोडियम-पोटेशियम असंतुलन से पीड़ित हैं। उन्हें इलाज के लिए न्यूयॉर्क जाने दें, हम जरूरी NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) दे देंगे।”
गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि अगर पुलिस टीएमसी कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाती है तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि कुछ पुलिस अधिकारी मुख्यमंत्री को खुश करने के लिए टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रहे हैं।
अभिषेक ने कहा कि वह उन पुलिस अधिकारियों के नाम याद रखेंगे जो सीएम के इशारे पर काम कर रहे हैं और सरकार बदलने के बाद उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अभिषेक के एक करीबी सहयोगी को हाल ही में पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसने कुछ ऐसी जानकारी दी है जिससे टीएमसी सांसद परेशान हो गए हैं।
‘सही समय आने पर बड़ा चोर चला जाएगा’
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए सीएम अधिकारी ने कहा, “आपके मन में एक सवाल होगा: बड़ा चोर कब जाएगा? सही समय चुनना होता है और सब कुछ ठीक से करना होता है। बड़ा चोर चला जाएगा, इसलिए चिंता करने की कोई बात नहीं है।
‘वामपंथियों के करीब आ रही है टीएमसी’
सीएम अधिकारी ने टीएमसी और सीपीआई (एम) के बीच राजनीतिक संबंधों पर सवाल उठाया। सीएम ने कहा कि टीएमसी सीपीआई(एम) के साथ राजनीतिक तालमेल बना रही है। अधिकारी ने कहा कि अपने गृह राज्य में चुनाव हारने के बाद अब टीएमसी दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल का नाम होगा पश्चिम बंग
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कवायद एक बार फिर तेज होती दिख रही है। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा है कि राज्य सरकार जल्द ही विधानसभा में एक विधेयक पेश कर राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने जा रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
