पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को मंगलवार को पुलिस ने पार्टी दफ्तर से हिरासत में लिया। उस समय रेजीनगर सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग चल रही थी।

इससे पहले हुमायूं कबीर ने रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कई बूथों पर वोटिंग प्रक्रिया में दखल दे रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले दो महीनों में 64 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

कबीर ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा करना है। लेकिन कई बूथों पर पुलिस ही मतदान प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार पहले से बनी हुई है तो वोटों को प्रभावित करने की जरूरत क्यों पड़ रही है।

कबीर ने कहा कि 23 अप्रैल को हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण थी और किसी तरह की गड़बड़ी के आरोप नहीं लगे थे। उनके मुताबिक, पिछले दो महीनों से पुलिस लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और 64 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।

तीन राज्यों की पांच सीटों पर आज मतदान

मंगलवार को पश्चिम बंगाल के अलावा तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ।

पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दो सीटों से जीतने के बाद खाली हुई थी। उन्होंने बाद में एक सीट अपने पास रखी थी।

वहीं रेजीनगर सीट AJUP के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कबीर ने विधानसभा चुनाव में रेजीनगर के साथ नवदा सीट से भी जीत दर्ज की थी।

उपचुनाव के नतीजों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी। चुनाव आयोग के मुताबिक, पूरी चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।

यह भी पढ़ें: ‘क्या हमारे अल्पसंख्यक भाई-बहन हमसे मुंह मोड़ते रहेंगे?’ नंदीग्राम में बोले सीएम शुभेंदु अधिकारी

 मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को एक बार फिर खुद को सभी का नेता बताने की कोशिश की और नंदीग्राम के अल्पसंख्यक मतदाताओं की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए उनसे 6 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के साथ एकजुट होने का आग्रह किया।

बीजेपी उम्मीदवार हसीरानी रथके लिए प्रचार करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “हम जय श्री राम का जाप करते हैं, लेकिन कोई आपको ऐसा करने के लिए मजबूर नहीं कर रहा है। अगर आपका मन नहीं है, तो मत कीजिए। इसके बजाय, भारत माता की जय कहिए।” पढ़ें पूरी खबर…