पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अर्जुन सिंह ने कहा है कि उन्हें बम से उड़ाने की कोशिश की गई है। मीडिया से बातचीत करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि ‘ कांकिनारा से लौटते वक्त मेरी कार पर कुछ असामाजिक तत्वों ने ईंट से हमला किया और फिर कार पर एक बम फेंका गया। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए।’
भाजपा सांसद पर ईंट और बम से हमला किये जाने की खबर सामने आने के बाद यहां तनाव फैल गया है। तनाव को देखते हुए यहां रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना ना हो।
इस घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा सांसद अर्जुन सिंह पर बीते शनिवार (14-12-2019) की रात वो अपने भाटपाड़ा स्थित घर से लौट रहे थे। इस हमले में भाजपा सांसद की कार का शीशा टूट गया। हालांकि इस हमले में भाजपा सांसद बाल-बाल बच गए। सांसद अर्जुन सिंह ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है।
यहां आपको बता दें कि बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह पर पहले भी हमला हो चुका है। पिछली बार पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना में भाजपा सांसद पर हमला हुआ था और उनकी कार पर तोड़फोड़ किया गया था। उस वक्त भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया था।
इस हमले में सांसद अर्जुन सिंह घायल भी हुए थे और उनके माथे पर टांके भी लगे थे। आपको याद दिला दें कि मई के महीने में अर्जुन सिंह ने बैरकपुर में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया था। उस वक्त लोकसभा का चुनाव भी चल रहा था।
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। पिछले महीने से ही करीमपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान भाजपा के प्रत्याशी जयप्रकाश मजूमदार के साथ नदिया जिले के फीपुलखोला इलाके में मारपीट की गई थी। इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया था। इस वीडियो में कुछ लोग भाजपा प्रत्याशी की लात से पिटाई करते नजर आ रहे थे। इस हमले के लिए जयप्रकाश मजूमदार ने टीएमसी के लोगों को जिम्मेदार ठहराया था।

