भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए चौथी लिस्ट जारी कर दी है। चौथी लिस्ट में बीजेपी ने 13 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। मयनागुड़ी सीट पर उम्मीदवार को भी बदल दिया गया है। चौथी लिस्ट में एक महिला उम्मीदवार का नाम है। इससे पहले बीजेपी तीन लिस्ट जारी कर चुकी है। पहली लिस्ट में 144 प्रत्याशी, दूसरी लिस्ट में 111 और तीसरी लिस्ट में कुल 19 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई थी।

बीजेपी की इस लिस्ट के अनुसार, सिताई से आशुतोष बर्मा, नाटाबाड़ी से श्री गिरिजा शंकर रॉय, बागदा से सोमा ठाकुर, मगरहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक, फालटा से देबांगशु पांडा, सोनारपुर उत्तर से देवाशीष धर और चौरंगी से संतोष पाठक चुनाव लड़ेंगे। वहीं हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाती, पंचला से रंजन कुमार पॉल, चंडीपुर पीयूष कांति दास, गारबेटा से प्रदीप लोढ़ा, मेमारी से मानव गुहा और बाराबनी से अरिजीत रॉय चुनाव लड़ेंगे।

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी इस लिस्ट के मुताबिक, मयनागुड़ी सीट के प्रत्याशी में बदलाव की जानकारी भी दी है। अब इस सीट पर बीजेपी ने दालिम रॉय को चुनाव में उतारा है।

पश्चिम बंगाल में कब है चुनाव?

पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरण में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल 2026 को 152 विधानसभा सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल 2026 को 144 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में कुल 68 सीटें अनुसूचित जाति वर्ग के लिए और 16 सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। राज्य में साल 2011 से ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी की सरकार है।

यह भी पढ़ें – पश्चिम बंगाल: बीजेपी के लिए ये चार सीटें बचाना होगा बड़ा चैलेंज, एक पर सिर्फ 57 वोटों का था अंतर

पश्चिम बंगाल चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद ही टीएमसी और बीजेपी दोनों ही दलों ने ज्यादातर सीटों पर अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। इसके साथ ही कैंडीडेट्स ने चुनाव के लिए प्रचार भी शुरू कर दिया है। इनमें से कुछ सीटें ऐसी हैं जिन पर कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। पिछले विधानसभा चुनाव में ऐसी ही कुछ सीटें थीं जिन पर बीजेपी और टीएमसी के बीच नजदीकी मुकाबला था और भाजपा ने बहुत कम वोटों के मार्जिन से इन सीटों पर जीत दर्ज की थी। पूरी खबर पढ़ें…