West Bengal, Tamil Nadu Assembly Elections: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के दौरान कुछ क्षेत्रों में गड़बड़ियों की शिकायतें मिलने के बाद शनिवार को 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग कराई गई। निर्वाचन आयोग ने गड़बड़ियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुनर्मतदान का आदेश दिया था।
आयोग के निर्देशानुसार, डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के कुल 15 बूथों पर आज फिर से वोटिंग हुई। इनमें मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 मतदान केंद्र शामिल हैं। प्रशासन ने सभी बूथों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें परिणामों पर टिकी हैं। इन चुनावों को लेकर अब तक मिले-जुले एग्जिट पोल सामने आए हैं। हालांकि, परिणामों से पहले सबसे अधिक राजनीतिक हलचल पश्चिम बंगाल में देखने को मिल रही है, जहां सत्तारूढ़ टीएमसी और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला है।
जहांगीर खान के सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश
चुनाव आयोग ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर जिला पुलिस को निर्देश दिया कि वे फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान के करीबी सहयोगियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करें। ग्रामीणों ने इन पर बीजेपी को वोट देने पर उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त से मिले कोलकाता पुलिस प्रमुख
मतगणना से पहले कोलकाता पुलिस प्रमुख अजय कुमार नंद ने बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त मनोज अग्रवाल से मुलाकात की।
चुनाव आयोग ने सीईओ से मांगी रिपोर्ट
चुनाव आयोग ने फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में तनाव को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय से रिपोर्ट मांगी है।
मगराहाट पश्चिम सीट पर ये हैं उम्मीदवार
मगराहाट पश्चिम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मोहम्मद समीम अहमद मुल्ला का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी गौर सुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल मजीद हलदर और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं।
टीएमसी ने हार स्वीकार कर ली है- समिक भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, "टीएमसी सरकार गिर गई है। पश्चिम बंगाल में कई लोगों ने कभी मतदान नहीं किया। उन्हें मतदान करने की अनुमति नहीं दी गई थी। ऐसे माहौल में, अब जब लोग निडर हो गए हैं, तो उन्होंने मतदान किया है। टीएमसी ने हार स्वीकार कर ली है।"
निर्वाचन आयोग ने पुलिस पर्यवेक्षक किए तैनात
पश्चिम बंगाल में सोमवार को होने वाली मतगणना से पहले निर्वाचन आयोग ने शनिवार को राज्य में 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षक और 77 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किए। आयोग के अनुसार, अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षक पहले से तैनात 294 पर्यवेक्षकों की सहायता करेंगे, जबकि पुलिस पर्यवेक्षक सुरक्षा-व्यवस्था को मजबूत करेंगे और मतगणना केंद्रों के बाहर कानून-व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
मगराहाट पश्चिम में 5 बजे तक 86.11% और डायमंड हार्बर में 87.60% मतदान
पश्चिम बंगाल के मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शाम 5 बजे तक लगभग 86.11% और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में 87.60% मतदान दर्ज किया गया।
पुलिस स्टेशन जाकर शिकायतें दर्ज कराएं लोग
फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई कथित धमकियों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों के बारे में पुलिस अधिकारी शांतनु सेन ने कहा, "स्थिति शांतिपूर्ण है, उन्हें कुछ शिकायतें हैं। उनसे अनुरोध है कि वे पुलिस स्टेशन जाकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं। उनकी जो भी शिकायतें होंगी, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
वहाँ हमारा प्रतिनिधि नहीं था, फिर भी स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया- बालीगंज विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार सोभनदेब चट्टोपाध्याय
बालीगंज विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार सोभनदेब चट्टोपाध्याय ने स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षा व्यवस्था पर कहा, "वहाँ हमारा प्रतिनिधि नहीं था, फिर भी स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया, तब से ही यह मुद्दा शुरु हुआ है। हमारे यहां अब तक सब ठीक है। हम भाजपा पर विश्वास नहीं करते... मतगणना केंद्र और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा ठीक नहीं है... इन्होंने अपने सभी अधिकारियों को यहां लगा दिया है जिससे वे यहां जीतें... उन्होंने सभी एजेंसी यहां लगा दी हैं..."
पश्चिम बंगाल री-पोलिंग: मगराहाट पश्चिम 3 बजे तक 72.50% और डायमंड हार्बर में 72.36% मतदान
पश्चिम बंगाल री-पोलिंग में मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक लगभग 72.50% और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में 72.36% मतदान दर्ज किया गया।
भाजपा जानती है कि वह हारने वाली है- कुणाल घोष
TMC नेता और बेलेघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष ने फाल्टा के मामले पर कहा, "यह भाजपा नाटक कर रही है। यह उनकी दिक्कत है, हमारी नहीं। हमने कुछ नहीं किया, जनता ने वोट दिया। भाजपा जानती है कि वह हारने वाली है इसलिए वह नाटक कर रही है।"
ज्ञानेश कुमार के चुनाव आयोग को एक और बड़ा झटका लगा- कुणाल घोष
TMC नेता और बेलेघाटा से उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा, "ज्ञानेश कुमार के चुनाव आयोग को एक और बड़ा झटका लगा। पश्चिम बंगाल के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए गए संचार का अर्थ है कि मतगणना के दौरान, केवल केंद्र सरकार और केंद्रीय पीएसयू के कर्मचारी ही मतगणना पर्यवेक्षक और सहायक के रूप में होंगे। राज्य से कोई नहीं होगा। हमने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हमारी ओर से वकील कपिल सिब्बल और मीनाक्षी अरोड़ा ने कहा कि यह उचित नहीं है। यह हमारे संविधान के अनुच्छेद 324 का उल्लंघन करता है। इसलिए अंततः, दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद, सर्वोच्च न्यायालय ने यह स्पष्ट कर दिया कि न केवल केंद्र सरकार के कर्मचारी बल्कि राज्य सरकार के कर्मचारी भी होंगे। इसलिए यह एक बड़ा झटका है... भाजपा को पता है कि वह बुरी तरह हारने जा रही है। इसीलिए वे आखिरी क्षण तक मतगणना में हेरफेर करने की कोशिश कर रहे हैं... ममता बनर्जी सोमवार (4 मई) को एक बड़ी जीत हासिल करने वाली हैं। इसलिए वे आखिरी क्षण तक अनियमितताएं और पक्षपात पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।"
सुकांता मजूुमदार ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा, "15 बूथों पर फिर से मतदान हो रहा है...चुनाव आयोग इसे करा रहा है। जल्दी से मतदान खत्म हो और 4 मई को जनता की राय आने दें, वो ही सबसे जरूरी है...TMC के दिल में हारने का डर बैठ गया है, इसके कारण उनके द्वारा बार-बार इस तरीके की सभी चीजें उठाई जा रही हैं
सौगत राय रत्ना देबनाथ पर क्या बोले?
TMC सांसद सौगत राय ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या मामले की पीड़िता की मां और पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ पर कहा, "उनके लिए थोड़ा लोगों में सहानुभूति थी लेकिन फिर लोगों ने समझा कि उन्हें वोट देकर कोई फायदा नहीं। मुझे लगता है कि पानीहाटी में लोग TMC को ज्यादा वोट देंगे।
सुधांशु त्रिवेदी का टीएमसी पर तंज
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "..जिस प्रकार से TMC ने अनर्गल, निराधार आरोपों को मुद्दा बनाकर सर्वोच्च न्यायालय जाने का प्रयास किया, यह उनकी छटपटाहट और बौखलाहट का ही एक प्रमाण है।
मंत्री शशि पांजा का चुनाव आयोग पर वार
पश्चिम बंगाल की मंत्री और श्यामपुकुर विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार शशि पांजा ने कहा, "...स्ट्रॉन्ग रूम में जाकर कोई फायदा नहीं क्योंकि आज सुबह-सुबह उत्तर कलकत्ता के 7 विधानसभा क्षेत्रों के पोस्टल बैलेट ट्रंक आए लेकिन राजनीतिक दल का कोई प्रतिनिधि नहीं था और उसे उस कमरे में रखा गया जहाँ CCTV नहीं है
टीएमसी कार्यकर्ताओं पर आरोप
TMC कार्यकर्ताओं द्वारा कथित धमकी के विरोध में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के निवासियों ने प्रदर्शन किया। एक स्थानीय महिला ने कहा, "हमने TMC को वोट दिया था फिर भी हम पर हमला किया गया... TMC नेता इसराफिल चौकदार ने हमें धमकी दी है। हम चाहते हैं कि उनकी गिरफ्तारी हो। हमें महिलाओं की सुरक्षा चाहिए।
सुबह 11 बजे तक कितनी वोटिंग?
मगरहाट पश्चिम- 38.2% वोटिंग
डायमंड हार्बर- 35.92% वोटिंग
कुल वोटिंग- 37%
जहां भी टीएमसी ने धांधली करने की कोशिश की, वहां दोबारा मतदान हुआ: कीया घोष
बीजेपी नेता कीया घोष कहती हैं, "जहां भी टीएमसी ने वोटिंग में धांधली करने, बूथ पर कब्जा करने या ईवीएम से छेड़छाड़ करने की कोशिश की, वहां दोबारा वोटिंग की मांग उठाई गई। इसी के अनुसार चुनाव आयोग ने इन जगहों पर दोबारा वोटिंग के इंतजाम किए हैं। हालांकि, इससे एक बात बिल्कुल साफ हो जाती है: इससे पश्चिम बंगाल की असलियत सामने आती है, खासकर इस क्षेत्र में लोकतंत्र की क्या स्थिति है।
EVM सुरक्षा के लिए नेताजी इंडोर स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर बैरिकेड्स लगाए गए
कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसे 4 मई को वोटों की गिनती शुरू होने तक EVM को सुरक्षित रखने के लिए एक 'स्ट्रॉन्ग रूम' में बदल दिया गया है। प्रवेश द्वार के सामने बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
डायमंड हार्बर क्षेत्र के बूथ नंबर 243 पर EVM में खराबी की शिकायत
पश्चिम बंगाल चुनाव दोबारा मतदान के तहत दक्षिण 24 परगना डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के रॉयनगर प्राइमरी स्कूल स्थित बूथ नंबर 243 पर एक मतदाता ने EVM में खराबी की शिकायत की है। उसका कहना है कि वह आधे घंटे से कतार में लगा है, लेकिन उसका नंबर नहीं आया।
BJP उम्मीदवार गौरसुंदर घोष बोले- दोबार मतदान में भी जीतूंगा
दक्षिण 24 परगना: मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार गौरसुंदर घोष कहते हैं, "इस क्षेत्र के 11 बूथों पर दोबारा मतदान हो रहा है। हमें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार यहां 'बूथ जाम' होने की शिकायतें मिली थीं, जिसके कारण मतदाता वोट नहीं डाल पाए थे। ECI ने इसकी जांच की... कई बूथों पर EVM पर टेप चिपकाए गए थे और कई अन्य बूथों पर EVM पर परफ्यूम छिड़का गया था। जिस बूथ पर मैं गया था, वहां EVM पर गोंद लगा हुआ था... मुझे पूरा भरोसा है कि मैं जीतूंगा।"
मतगणना से पहले ममता, अभिषेक करेंगे गणना एजेंट के साथ बैठक
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से दो दिन पहले, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी शनिवार शाम को पार्टी के सभी गणना एजेंट के साथ ऑनलाइन माध्यम से बैठक करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। शाम चार बजे के लिए निर्धारित इस बैठक में उन 291 विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना एजेंट शामिल होंगे, जहां सत्तारूढ़ पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारे थे। अनित थापा नीत भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने दार्जिलिंग की शेष तीन सीट पर चुनाव लड़ा था।
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वोटर बोले- बुनियादी सुविधाएं बढ़ाएं
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वोटर का कहना है कि “यहां एक ठीक-ठाक सड़क बननी चाहिए। यहां कोई प्राइमरी हेल्थ केयर सेंटर नहीं है, जो कि बनना चाहिए। यहां कोई हाई स्कूल भी नहीं है, इसलिए एक स्कूल बनाया जाना चाहिए। हमें उम्मीद है कि यहां आपसी मेल-जोल बना रहेगा। अगर नेता इस बारे में कुछ करते हैं, तो मुझे खुशी होगी। मुझे वह सब पसंद नहीं आ रहा जो अभी हो रहा है। मुझे वह भी पसंद नहीं है जो हुमायूं कबीर और सुभेंदु अधिकारी कह रहे हैं…”
वोटर ने कहा- व्यवस्था में बदलाव जरूरी
दोबारा मतदान वाले क्षेत्र के एक वोटर, सुशांत का कहना है कि "यहां कुछ दिक्कतें थीं, इसलिए आज दोबारा वोटिंग हो रही है... यहां की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव होने चाहिए। यहां कुशासन चल रहा है और इसमें बदलाव होना चाहिए।"
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना की मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीट के बहिर्पुया कुरकुरिया F.P. स्कूल के मतदान केंद्रों (संख्या 230, 231 और 232) पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं। इस सीट पर TMC के शमीम अहमद, BJP के गौरसुंदर घोष और कांग्रेस के अब्दुल मजीद हल्दर के बीच मुकाबला है।
EVM से छेड़छाड़ के TMC के आरोपों पर बीजेपी नेता बोले- उन्हें खुद पर भरोसा नहीं
कोलकाता के स्ट्रॉन्गरूम में EVM से छेड़छाड़ के TMC के आरोपों पर, जोरासांको विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार विजय ओझा कहते हैं, "यहां आने पर कोई रोक नहीं है... उनके (TMC) लोग यहां दिन-रात 24 घंटे बैठे रहते हैं... अब, क्या उन्हें खुद पर भी भरोसा नहीं रहा?
दक्षिण 24 परगना के 15 बूथों पर दोबारा मतदान के मामले में TMC नेता शशि पांजा ने कहा, "EC का मानना है कि वहां दोबारा मतदान जरूरी था। इसीलिए, अभी प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमने जवाब दिया कि यह असल में BJP की रणनीति थी कि मतदान के दिन चाहे वह पहला चरण हो या दूसरा वे दूसरी राजनीतिक पार्टियों को उकसाएंगे।"
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भी मतदाता सुबह ही कतारों में लग गए
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में, उत्तर ईयरपुर F.P. स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर मतदाता कतार में लगकर वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में सुबह से कतारों में लग गये मतदाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 117 (बागदा जूनियर हाई स्कूल) के बाहर बने मतदान केंद्र पर मतदाता सुबह से ही कतार में नजर आ रहे हैं। लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए निर्धारित समय से पहले ही पहुंचने लगे। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 मतदान केंद्रों पर आज पुनर्मतदान कराया जा रहा है। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो चुकी है और प्रशासन ने सभी बूथों पर आवश्यक सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
