पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दूसरे चरण के लिए कल राज्य की 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। सोमवार शाम पांच बजे राज्य में चुनाव प्रचार थम गया। पश्चिम बंगाल में भले ही चुनाव प्रचार थम गया हो लेकिन सियासत चरम पर है।
चुनाव आयोग द्वारा बंगाल भेजे गए IPS अजयपाल शर्मा पर जहां बंगाल में टीएमसी हमलावर है, तो वहीं यूपी से अखिलेश यादव उन पर हमले कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों के नाम पर ‘एजेंट’ तैनात किए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन सबके बावजूद तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल की सत्ता में बनी रहेगी।
चुनाव अधिकारी बोले- तैयारी पूरी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि मतदान के दौरान न तो फर्जी वोटिंग होगी और न ही किसी प्रकार की गड़बड़ी होने दी जाएगी। उन्होंने कहा, “हमने सभी इंतजाम कर लिए हैं। हर संभावित समस्या के समाधान के लिए व्यवस्था की गई है, जिसे समय पर लागू किया जाएगा।”
पढ़िए: सिंगुर का चुनावी हाल । क्या ममता बनर्जी के काम आएगा M + M समीकरण? । कौन हैं ममता बनर्जी की फायरब्रांड ‘स्टार प्रचारक’ सायोनी घोष?
पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार तय- पूर्णेश मोदी
गुजरात विधानसभा के डिप्टी स्पीकर पूर्णेश मोदी ने कहा- ममता बनर्जी घबराहट में बयान दे रही हैं, क्योंकि यह साफ़ है कि इस बार वह पश्चिम बंगाल चुनाव हार रही हैं। BJP अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी और भारी अंतर से जीत हासिल करके सरकार बनाएगी।
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 LIVE: दूसरे चरण वाले जिलों में NIA की टीमें तैनात
मतदान से पहले NIA की टीमें दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया और कोलकाता सहित विभिन्न जिलों में तैनात की गई हैं। ये टीमें कच्चे बमों, अवैध हथियारों और गोला-बारूद की बरामदगी से जुड़े मामलों की जांच कर रही हैं। अधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान, बाद या उससे पहले यदि कोई स्थिति उत्पन्न होती है, तो उस पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए भी टीमें मौके पर मौजूद हैं।
मतदान को लेकर अंतिम चरण में तैयारियां
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। कटवा में मंगलवार सुबह से ही काशी राम दास विद्यातन में स्थित DCRC पर सैकड़ों मतदान कर्मी जमा हुए हैं। उन्हें कटवा और केतुग्राम विधानसभा क्षेत्रों के लिए EVM, VVPAT और अन्य चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया जा रहा है। मंगलकोट क्षेत्र के लिए एक अलग DCRC स्थापित किया गया है।
दूसरे चरण में किस जिले में कितनी सीटों पर चुनाव?
उत्तर 24 परगना में विधानसभा की 33 सीट, दक्षिण 24 परगना में 31, हावड़ा में 16, नदिया में 17, हुगली में 18, पूर्वी बर्धमान में 16 और कोलकाता में 11 सीट हैं।
दक्षिण बंगाल में बदलाव होगा- बीजेपी
भाजपा की प्रदेश इकाई के एक नेता ने कहा, "दक्षिण बंगाल में पकड़ बनाए बिना हम सत्ता तक नहीं पहुंच सकते। उत्तर 24 परगना, कोलकाता और हावड़ा ही असली चुनावी युद्धक्षेत्र हैं। बदलाव यहीं से होगा।"
बंगाल में ममता बनर्जी की ही सरकार बनेगी - टीएमसी
तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ''यह हमेशा से हमारा सबसे मजबूत क्षेत्र रहा है तथा 2021 विधानसभा से लेकर 2024 के लोकसभा चुनावों में भी यहां के लोगों ने हमारा साथ दिया। अगर हम इस क्षेत्र में फिर से जीत दर्ज करते हैं, तो बंगाल में ममता बनर्जी की ही सरकार बनेगी।''
भवानीपुर में भी कल मतदान
भवानीपुर विधानसभा सीट पर भी इसी चरण में मतदान होना है, जो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ है और भाजपा ने यहां नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है।
दूसरे चरण की कितनी सीटों पर बीजेपी का कब्जा?
दूसरे चरण में जिन 142 सीट पर मतदान होना है उनमें से तृणमूल कांग्रेस ने 2021 में 123 सीट जीती थीं, भाजपा ने सिर्फ 18 और 'इंडियन सेक्युलर फ्रंट' (आईएसएफ) ने एक सीट हासिल की थी। भाजपा के तमाम प्रयासों के बावजूद पांच साल पहले ममता बनर्जी की पार्टी ने दक्षिण बंगाल में शानदार जीत हासिल की और आसानी से सत्ता पर कब्जा किया।
दक्षिण बंगाल में पकड़ मजबूत करने की भाजपा की कोशिश
दूसरे चरण में तृणमूल कांग्रेस के गढ़ - कोलकाता, हावड़ा, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, नादिया, हुगली और पूर्वी बर्धमान - के मुकाबलों पर नजर रहेगी। इन इलाकों का परिणाम चुनाव की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
बंगाल जीतेगी बीजेपी - संजय कुमार झा
जदयू के सांसद संजय कुमार झा ने कहा- पश्चिम बंगाल से आ रही सभी रिपोर्टों से पता चलता है कि NDA के पक्ष में रुझान है। पहले वहां सत्ता-विरोधी भावना और डर का माहौल था, लेकिन अब मतदाता वोट डालने के लिए बाहर निकल रहे हैं। पहले चरण की कवरेज कर रहे पत्रकारों की रिपोर्टों के अनुसार, कुल मिलाकर चुनावी माहौल NDA की ओर झुकता हुआ दिखाई दे रहा है।
अखिलेश यादव ने अजयपाल शर्मा पर साधा निशाना
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा- बंगाल चुनाव के दौरान ऑब्ज़र्वर बने, उप्र के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे उत्तर प्रदेश सरकार के शासन-प्रशासन की छवि बेहद क्षतिग्रस्त हुई है साथ ही भाजपा सरकार के तथाकथित ‘महिला सम्मान’ व ‘नारी वंदन’ के दावों की पोल भी महिलाओं के सामने पूरी तरह खुल गई है।
WB Assembly Elections LIVE: IPS अजयपाल को लेकर बंगाल में रार
चुनाव आयोग द्वारा बंगाल में तैनात किए गए यूपी के IPS अधिकारी अजयपाल शर्मा पर बंगाल में सियासत गर्म है। टीएमसी लगातार अजयपाल शर्मा पर निशाना साध रही है।
WB Assembly Elections LIVE: पीएम मोदी ने लिखी बंगाल के लोगों के लिए चिट्ठी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की जनता को खुला चिट्ठी लिखी है. पीएम मोदी ने चिट्ठी में लिखा कि बंगाल में एक अलग अनुभव किया।
WB Assembly Elections LIVE: वोटिंग सेंटर्स की ओर जा रही पोलिंग पार्टीज
मतदान दल पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के 123 संदेशखाली एसी के नदी तटीय क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए नावों से नदियों को पार करते हुए अपने-अपने मतदान केंद्रों की ओर बढ़ रहे हैं।
ममता बनर्जी ने दक्षिण कोलकाता में रोड शो किया
प्रचार समाप्त होने से कुछ घंटे पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार दोपहर को दक्षिण कोलकाता में एक रोड शो किया। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के साथ पार्टी की राज्यसभा सदस्य सागरिका घोष और टॉलीगंज और रासबिहारी से उम्मीदवार क्रमशः अरूप बिस्वास और देबाशीष कुमार भी थे। सड़क किनारे, छतों और बालकनी में इंतजार कर रहे लोगों ने बनर्जी का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिन्होंने हाथ जोड़कर उनका जवाब किया और तेजी से आगे बढ़ती रहीं, जिससे उनकी पार्टी के साथियों को उनके साथ कदम मिलाकर चलने में मुश्किल हो रही थी।
WB Assembly Elections LIVE: ममता बनर्जी को एनसीएससी ने भेजा नोटिस
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एनसीएससी ने नोटिस भेजा है। उन्हें यह नोटिस आपत्तिजनक जातिगत टिप्पणी के लिए भेजा गया है। ममता बनर्जी से तीन दिन में नोटिस का जवाब मांगा गया है।
WB Assembly Elections LIVE: अभिषेक बनर्जी ने की टीएमसी सांसद मिताली बाग से मुलाकात
AITC के राष्ट्रीय महासचिव और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, आरामबाग के एक अस्पताल में टीएमसी सांसद मिताली बाग से मुलाकात के बाद वहां से रवाना हुए। आरामबाग से टीएमसी सांसद मिताली बाग ने दावा किया कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी कार पर हमला हुआ था और इसके लिए उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया।
WB Assembly Elections LIVE: अमित शाह ने हुगली में किया रोड शो
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी नेता अमित शाह ने चंदन नगर विधानसभा सीट पर रोड शो किया।
भाजपा के सत्ता में आने पर भी सात दिन तक तैनात रहेंगे केंद्रीय सुरक्षा बल: अमित शाह
अमित शाह ने सोमवार को कहा कि चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने पर भी कम से कम सात दिन तक केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। उन्होंने मतदाताओं से बिना डर के वोट डालने की अपील की।
बीजेपी के गुंडों ने किया महिला सांसद की गाड़ी पर हमला- सागरिका घोष
टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने कहा- BJP के गुंडों ने एक महिला TMC नेता मिताली बाग की कार पर हमला किया। क्या इसी को वे 'नारी शक्ति' कहते हैं?
WB Assembly Elections LIVE: भवानीपुर में प्रचार कर रहे सुवेंदु
बीजेपी नेता और भवानीपुर से प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने प्रचार के आखिरी दिन भवानीपुर में वोट मांगे। वो खुद यहां से प्रत्याशी हैं।
बीजेपी की सरकार बंगाल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा करेगी- पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त करके, भाजपा ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्पों में से एक को पूरा किया। बंगाल में नयी भाजपा सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राज्य की समृद्धि के सपने को पूरा करेगी और शरणार्थी मुद्दे का समाधान करेगी।
तृणमूल के पास बंगाल के विकास के लिए कोई दूरदृष्टि नहीं- पीएम नरेंद्र मोदी
बैरकपुर में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा-
स्वयं को बंगाल की सेवा करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और राज्य की रक्षा करने के लिए समर्पित मानता हूं।
पूर्वी भारत का विकास राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है; तृणमूल के पास बंगाल के विकास के लिए कोई दूरदृष्टि नहीं है।
ओडिशा और बिहार के बाद इस बार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा- पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने बैरकपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा- बंगाल के माहौल को देखकर मुझे लग रहा है कि मैं भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान फिर से आऊंगा। बैरकपुर ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को शक्ति प्रदान की थी; आज यही भूमि बंगाल में बदलाव का मार्ग प्रशस्त कर रही है। ओडिशा और बिहार के बाद इस बार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा।
पीएम नरेंद्र मोदी बैरकपुर में कर रहे रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैरकपुर में रैली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में इस बार परिवर्तन होगा। बंगाल की जनता का इरादा साफ है।
दक्षिण कोलकाता में अमित शाह कर रहे रोड शो
दक्षिण कोलकाता के बेहाला में अमित शाह रोड शो कर रहे हैं। उनके इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी है।
West Bengal Assembly Elections LIVE: बंगाल में बनेगी बीजेपी सरकार- राजीव रंजन
जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा- पश्चिम बंगाल में BJP की सरकार बनेगी। इसमें कोई संदेह नहीं है। पूरे चुनाव प्रचार के दौरान, BJP उम्मीदवारों के प्रति मतदाताओं का प्रेम और समर्थन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है... ठीक पहले चरण की तरह ही, दूसरे चरण में भी BJP की जीत का सिलसिला जारी रहेगा। TMC के आतंक के राज का अंत निश्चित है।
West Bengal Assembly Elections LIVE: ममता बताएं पश्चिम बंगाल में चल रही औद्योगिक फैक्ट्रियां क्यों बंद हो गई हैं?- जदयू
JDU नेता नीरज कुमार ने कहा- आज पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। चुनाव के पहले चरण में भारी मतदान हुआ, जिसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदाता आतंक के राज को खत्म कर देंगे।
उन्होंने कहा - BJP को यह पूछने का अधिकार है कि नौकरियों में बेटियों के लिए 33% आरक्षण अब तक लागू क्यों नहीं किया गया है... पश्चिम बंगाल में चल रही औद्योगिक फैक्ट्रियां क्यों बंद हो गई हैं?
West Bengal Assembly Elections LIVE: टीएमसी ने हाईकोर्ट में जारी की रिट
TMC ने कलकत्ता हाई कोर्ट में एक रिट याचिका दायर की है, जिसमें पुलिस ऑब्ज़र्वर परमार परषोत्तमदास पर "गंभीर कदाचार" का आरोप लगाया गया है। यह आरोप 142-मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार गौर घोष के साथ एक अनौपचारिक बैठक करने के संबंध में लगाया गया है।
West Bengal Assembly Elections LIVE: दूसरे चरण में 142 सीटों पर डाले जाएंगे वोट
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
