पश्चिम बंगाल में सरकार ने बुधवार को ‘अन्नपूर्णा योजना’ का आवेदन फॉर्म लॉन्च किया। इस योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह योजना ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना की जगह लेगी जिसे वर्ष 2021 में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने शुरू किया था।

इससे पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु सरकार ने ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना का आवेदन फॉर्म जारी किया। यह योजना महिला एवं बाल कल्याण विभाग के तहत है और इसकी जिम्मेदारी मंत्री अग्निमित्रा पॉल के पास है। यह विभाग इस योजना की नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा ताकि वास्तविक लाभार्थियों तक फायदा पहुंच सके।

शुभेंदु सरकार का कहना है कि नामांकन प्रक्रिया बहुत बड़ा अभियान है और इसे पूरा होने में समय लगेगा। इसलिए जब तक नई व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं हो जाती तब तक मौजूदा ‘लक्ष्मीर भंडार’ योजना के लाभार्थियों को पहले की तरह आर्थिक सहायता मिलती रहेगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि सरकार ने पूरी नामांकन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 90 दिनों की समय-सीमा तय की है। उन्होंने कहा, ”लोगों को जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है क्योंकि सरकार ने इस योजना में नाम दर्ज कराने के लिए 90 दिनों का समय दिया है।”

उन्होंने कहा कि आवेदन फॉर्म ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से जमा किए जा सकेंगे। पंचायत और नगर पालिका क्षेत्रों में स्थानीय निकाय इस प्रक्रिया में शामिल होंगे और सुपरवाइजर घर-घर जाकर फॉर्म कलेक्ट करेंगे। नव-निर्वाचित विधायक भी इस प्रक्रिया में भाग लेंगे और सरकार की मदद करेंगे। उन्होंने आगे बताया कि सरकार 15 जून से 17 जून तक पूरे राज्य में ‘जनकल्याण शिविर’ आयोजित करेगी जहां लोग अपने आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे।

अन्नपूर्णा योजना के लिए पात्रता

19 मई 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदन करने वाले व्यक्ति की आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक किसी स्थायी सरकारी नौकरी में कार्यरत नहीं होना चाहिए और ना ही उसे केंद्र सरकार, पश्चिम बंगाल सरकार, किसी वैधानिक निकाय, सरकारी उपक्रम, पंचायत, नगर निकाय या स्थानीय प्राधिकरण से नियमित वेतन या पेंशन मिल रही हो।

आवेदक पश्चिम बंगाल के किसी सरकारी सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान में शिक्षक या गैर-शिक्षक पद पर भी कार्यरत नहीं होना चाहिए। इसके अलावा आवेदक आयकर दाता भी नहीं होना चाहिए।

पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना फॉर्म कैसे डाउनलो करें और भरें

-पश्चिम बंगाल अन्नपूर्णा योजना एप्लिकेशन फॉर्म डाउनलोड करने के लिए आवेदक को https://socialsecurity.wb.gov.in/login पर जाना होगा

-वेबसाइट पर जाने के बाद आवेदकों को फॉर्म भरने के लिए अपनी जरूरत के हिसाब से भाषा का चुनाव करना होगा। एप्लिकेशन फॉर्म अंग्रेजी, बंगाली और हिंदी भाषा में उपलब्ध है।

-अन्नपूर्णा योजना का आवेदन फॉर्म भरने से पहले आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

-इस फॉर्म में आवेदकों को परिवार के मुखिया (HOF) का नाम, जन्मतिथि, लिंग, आधार नंबर, डिजिटल राशन कार्ड से जुड़ी हाउसहोल्ड आईडी (अगर उपलब्ध हो), परिवार के सदस्यों की संख्या, पता, संपर्क विवरण और बैंक खाते की जानकारी जैसी जानकारियां देनी होंगी।

-इसके अलावा आवेदकों को बैंक खाते की जानकारी, ईपीआईसी (वोटर आईडी) विवरण, पैन कार्ड की जानकारी, रोजगार का प्रकार, क्या परिवार का कोई सदस्य आयकर या प्रोफेशनल टैक्स देता है, परिवार के वयस्क सदस्यों की शैक्षणिक जानकारी, वार्षिक पारिवारिक आय और अन्य संबंधित जानकारियां भी देनी होंगी।