scorecardresearch

Weather Update: देश के कई क्षेत्रों में शीतलहर, गलन वाली ठंड से कांपे लोग; IMD का अनुमान- मैदानी इलाकों में रहेगा कोहरा

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में सबसे ठंडा स्थान भटिंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं हरियाणा के सिरसा में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

Weather, cold
मंगलवार, 3 जनवरी, 2023 को लखनऊ में कड़ाके की ठंड के चलते ऊनी कपड़े पहने लोग।(पीटीआई फोटो)

Cold Worsened: नया साल शुरू होने के साथ ही राजधानी दिल्ली और एनसीआर (Delhi NCR) समेत देश के अधिकतर राज्यों में ठंड (Cold) और शीतलहर (Cold Wave) तेज हो गई है। इसके साथ तेज कोहरा (Fog) पड़ने और धुंध की वजह से दृश्यता (Visibility) भी काफी कम हो गई है। इससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता (Humidity) का स्तर 85 प्रतिशत रहा। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है।

राजस्थान के सीकर में तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस तक गिरा

कड़ाके की सर्दी व धुंध से राजस्थान के अनेक इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सोमवार रात राज्य के फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को शीतलहर का प्रकोप रहा और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली में मंगलवार सुबह 11 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 384 दर्ज

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में मंगलवार सुबह 11 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 384 दर्ज किया गया। बुधवार को घना कोहरा छा सकता है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक जीरो से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने वायु प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी के मद्देनजर सोमवार को ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP)’ के तीसरे चरण के तहत पाबंदी लागू की थी। इसके तहत दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गैर जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के काम पर रोक है।

आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर शीत लहर की घोषणा की जाती है। शीतलहर की घोषणा तब भी की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो। न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से कम रहने पर ‘भीषण’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।

Cold Wave And Weather
जालंधर में सोमवार, 2 जनवरी, 2023 को कड़ाके की ठंड और धुंध भरी सर्दी में अलाव जलाकर खुद को गर्म करते लोग। (पीटीआई फोटो)

पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को शीतलहर का प्रकोप रहा और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इस दौरान दोनों राज्यों के अधिकतर स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में सबसे ठंडा स्थान भटिंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं हरियाणा के सिरसा में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

कड़ाके की सर्दी व धुंध से राजस्थान के अनेक इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सोमवार रात फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात फतेहपुर सीकर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे, चुरू में शून्य से नीचे 0.9 डिग्री, संगरिया में 2.4 डिग्री, पिलानी में 2.6 डिग्री, सीकर में 3.0 डिग्री, गंगानगर में 3.7 डिग्री, नागौर में 4.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 4.9 डिग्री, बीकानेर में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार पूर्वी व उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।

राजधानी जयपुर के अनेक इलाकों में भी मंगलवार सुबह की शुरुआत कोहरे से हुई। जयपुर में बीते चौबीस घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 20.8 व 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चुरू, झुंझुनूं व सीकर सहित कई जिलों में अति शीतलहर जारी रहने का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। कड़ाके की सर्दी व धुंध से न केवल यातायात बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कई जगह लोग अलाव तापते नजर आए।

पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.8 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 6.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 4.8 डिग्री सेल्सियस जबकि अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, हिसार में 4.5 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 6.9 डिग्री सेल्सियस और झज्जर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पढें राष्ट्रीय (National News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 03-01-2023 at 21:22 IST
अपडेट