उत्तर भारत में अगले दो दिन में मौसम फिर बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों के मौसम को प्रभावित करेगा, जिसका आंशिक असर उत्तरी राज्यों पर भी पड़ेगा। अगले तीन दिन तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बीच बारिश की संभावना है। इस दौरान आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और ऊंचाई वाले इलाकों से लेकर मैदानी भागों तक बारिश होगी।
आईएमडी ने अनुमान जताया है कि पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और यूपी के कुछ हिस्सों पर पड़ सकता है। बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, किसी मजबूत मौसमी गतिविधि की चेतावनी नहीं है। बहरहाल, बिहार और मध्य प्रदेश समेत सभी राज्यों में पछुआ हवाओं के असर से सर्दी महसूस होगी लेकिन तापमान बढ़ने की संभावना है।
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि सोमवार से नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई से लेकर मैदानी भागों तक बारिश से मौसम खराब होगा। 11 फरवरी तक पहाड़ों पर लगातार बारिश और बर्फबारी के संकेत हैं। उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बागेश्वर में बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पीति, कुकुमसेरी, ताबो समेत कई इलाकों में बर्फबारी की गति बढ़ सकती है और बारिश से मौसम पूरी तरह खराब हो जाएगा।
Aaj ka Mausam Kaisa Rahega: जानें मौसम का हाल
मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान कुछ इलाकों में तापमान माइनस और अधिकांश हिस्सों पर 5 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों से लेकर घाटी में बर्फबारी के बीच गरज चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने बताया घाटी समेत कोकरनाग, कुपवाड़ा, गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर, पहलगाम और अमरनाथ इत्यादि इलाकों में तापमान माइनस में रहेगा।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में हल्की धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग के अनुसार, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसमी औसत से 1.1 डिग्री अधिक है। सीपीसीबी के अनुसार, रविवार को शाम चार बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 189 प्रतिशत दर्ज किया गया ओ मध्यम श्रेणी में आता है।
