उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। आइए जानते हैं कि आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम।

दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है जिसकी वजह से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। वहीं मौसम विभाग ने हल्का कोहरा पड़ने की भी संभावना जताई है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मंगलवार सुबह दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी गिरकर 50 मीटर से भी कम रह गई। कम विजिबिलिटी के कारण कई उड़ानों में देरी हो रही है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मंगलवार को हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है और इसके बाद अगले रविवार तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। हालांकि, राज्य की ऊंची पहाड़ियों पर शुक्रवार को भी हल्की बर्फबारी और बारिश देखी जा सकती है।

पढ़ें- बारिश को लेकर मौसम विभाग का अपडेट

पिछले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहा। अधिकारियों ने बताया कि कुल्लू जिले के कोठी गांव में सबसे अधिक 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई, वहीं मनाली और मंडी में भी शीत लहर का प्रकोप रहा। राज्य में सबसे कम तापमान लाहौल और स्पीति जिले के ताबो गांव में दर्ज किया गया, यहां तापमान शून्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

हिमालय क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश

पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार को पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी और उत्तर पश्चिमी राज्यों में भी हल्की बारिश हुई। इससे परिणामस्वरूप दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में सुबह कोहरा छाया रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इन परिस्थितियों के एक-दो दिन और बने रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रही। इससे जन-जीवन पर असर पड़ा। विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना है।

पंजाब और हरियाणा का मौसम

पंजाब और हरियाणा में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया। हरियाणा में सिरसा 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह बारिश हुई है और मौसम विभाग के अनुसार अभी यह दौर जारी रहेगा और इस दौरान कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार सोमवार सुबह तक के 24 घंटों में राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई।

पढ़ें- कब होगी बारिश, कब चलेंगी हवाएं?

(भाषा के इनपुट के साथ)