गर्मी का मौसम चल रहा है और लोग भी गर्मी से काफी परेशान हैं। उत्तर भारत के कई राज्यों में बिजली कटौती से भी लोग परेशान हैं। दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों में आज भी पारा 40 डिग्री के ऊपर रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आज से कई राज्यों में हीट वेव चलेगी जिससे लोगों को गर्मी से परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
राजस्थान में तापमान 45 डिग्री के पार: राजस्थान में तापमान 45 डिग्री के पार पहुँच चुका है। न्यूज़ एजेंसी IANS ने मौसम विभाग के हवाले से बताया कि, “राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो कि सबसे अधिक है और अब लू (हीट वेव) की स्थिति एक छोटे अंतराल के बाद पूरे भारत के अलग-अलग इलाकों में फिर से लौट आई है।”
वहीं स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, “उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है लेकिन भारी बारिश नहीं होगी। जबकि उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान अब 43 डिग्री से 45 डिग्री तक जा सकता है। अगर हम देखें तो कई सालों बाद अप्रैल में महीने में इतनी गर्मी पड़ने वाली है क्योंकि पिछले कई सालों में अप्रैल महीने में इतनी बड़ी प्री-मानसून गतिविधि नहीं देखी गई है।”
वहीं पूर्वी भारत के उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल में उमस काफी अधिक रहेगी जिससे गर्मी काफी बढ़ेगी। वहीं पूर्वोत्तर में बारिश की गतिविधियाँ जारी रहेगी क्योंकि नमी वाली हवाएं नमी लगातार चल रही है जिससे बारिश की सम्भावना बनी हुई है। वहीं ओड़िसा के कुछ जगहों पर बादल का गरजना और चमकना होगा और हल्की बारिश होगी लेकिन आतंरिक ओड़िसा में गर्मी बढ़ी रहेगी। जबकि मध्य भारत में तापमान 47 डिग्री तक पहुँच सकता है।
बता दें कि लेह में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तो अधिकतम तापमान 17 डिग्री रह सकता है। जबकि शिमला में अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री, चंडीगढ़ में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री, मुंबई में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री, जम्मू में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री और श्रीनगर में अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री तापमान रह सकता है।