भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में अगले तीन दिनों, 29 से 31 जनवरी तक मौसम ठंडा बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, 31 जनवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
इस दिन न्यूनतम तापमान करीब सात डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। वहीं, 1 फरवरी के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। यह स्थिति सुबह से रात तक बनी रह सकती है। हालांकि, तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
कैसा होगा राजस्थान का मौसम?
पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी पिछले 24 घंटों में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक हल्की से मध्यम बारिश हुई, साथ ही गरज और आकाशीय बिजली भी गिरी। सबसे अधिक बारिश झालावाड़ जिले के मनोहर थाना में दर्ज की गई। इसके अलावा, राज्य के कई क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। नागौर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सबसे कम है।
Weather Update: जानें आपके शहर का मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर दिशा से चलने वाली तेज हवाओं के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात पूरी तरह से बहाल कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कर्मचारियों ने सड़क पर जमी बर्फ को हटाने और सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करने के लिए नमक और यूरिया का छिड़काव किया।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
इस बीच, मंगलवार को कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से कई डिग्री नीचे गिर गया। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग, घाटी के सबसे ठंडे स्थान रहे और दोनों ही जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 889 सड़कों पर यातायात अवरुद्ध रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हुआ जबकि राज्य की मध्य और निचली पहाड़ियों में हल्की बारिश हुई।
दिल्ली में प्रदूषण नहीं हो रहा कम
दिल्ली को थोड़ी राहत मिली और यहां न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से 4.2 डिग्री अधिक 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ ही दिल्ली में बुधवार को ठंड बढ़ गई। बारिश का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर बहुत कम प्रभाव पड़ा। शाम चार बजे औसत एक्यूआई 255 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मंगलवार को यह 294 था। पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के भिवानी में भी भीषण ठंड पड़ी और तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
( भाषा के इनपुट के साथ)
