Weather Update : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से पांच डिग्री ज्यादा है। यह इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक गर्मियों का मौसम एक मार्च से शुरू होकर 31 मई तक रहता है।
वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दिल्ली में इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। आईएमडी के अनुसार आज शहर में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
मुंबई का क्या रहा हाल?
मौसम विभाग के मुताब मुंबई में आज इस साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। रविवार दोपहर को तापमान 39.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से लगभग सात डिग्री ज्यादा था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कोंकण क्षेत्र के लिए हीटवेव चेतावनी जारी की है, जिसमें मुंबई भी शामिल है। इससे पहले 6 मार्च (सोमवार) को शहर का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री दर्ज किया गया था, जो आज दोपहर तक इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था।
राजस्थान का हाल
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से भी उपर पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक 14 मार्च से राजस्थान में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार शुक्रवार को फलौदी में सबसे ज्यादा 37 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बाड़मेर में भी दिन का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री पहुंच गया है।
हरियाणा का हाल
हरियाणा में भी गर्मी असर दिखाने लगी है। तापमान जहां पहले तीस डिग्री से नीचे था रविवार को 30.5 डिग्री तक पहुंच गया है। चौबीस घंटे में ही यह 1.1 डिग्री तक बढ़ गया है, जबकि सामान्य से यह 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग चंडीगढ़ की मानें, तो आने वाले छह दिनों में मौसम उतार चढ़ाव वाला रहेगा। इस दौरान जहां आसमान में बादल छाएंगे तो कभी धूप खिलेगी।