सर्दी का मौसम (Winter Season)आ गया है और धीरे-धीरे ठंड भी बढ़ रही है। दिसंबर का महीना भी शुरू हो गया है और इस महीने में आमतौर पर अधिक ठंड देखी जाती है। इस बार भी उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान (Low Temperature) में कमी देखी जा सकती है। मौसम विभाग (Indian Metrological Department) की माने तो मध्य फरवरी तक ठंड रह सकती है। दिल्ली में 5 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है जबकि अधिकतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली, राजस्थान में बढ़ी ठंड
दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट देखी गई है। सोमवार को भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि राजस्थान में सोमवार यानी 5 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं राजस्थान के सीकर में पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में पारा गिरकर 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राजस्थान का सबसे ठंडा स्थान बन गया था।
पहाड़ी इलाकों में भी ठंड बढ़ी
बता दें कि पहाड़ी इलाकों मे भी ठंड बढ़नी शुरू हो गई है क्योंकि बर्फबारी भी होने लगी है। उत्तराखण्ड में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पहाड़ों में रात के समय तापमान में गिरावट हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि दोनों ही राज्यों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
पटना, लखनऊ में भी ठंड बढ़ी
लखनऊ (Lucknow) में भी ठंड बढ़ने लगी है और सोमवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस की संभावना जताई गई है।
तमिलनाडु में बारिश की संभावना
वहीं मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है कि आने वाले 8 से 10 दिसंबर के बीच तमिलनाडु (Tamilnadu) में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश में तेज हवाएं भी चलेंगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिसंबर में भारी बारिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौसम प्रणालियों के आने की संभावना है, जिसके कारण दिसंबर के महीने में भारी वर्षा होगी।
पंजाब में धुंध रह सकती
वहीं पंजाब (Punjab) के लिए मौसम विभाग की तरफ से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन पंजाब में गहरी धुंध रहेगी। सरहदी व खुले इलाकों में विजिबिलिटी शून्य हो सकती है। धूप तो निकलेगी लेकिन इसके साथ-साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।