Weather Forecast, Temperature Today: राजस्थान, पूर्वी यूपी में अगले दो दिन तेज बारिश होने की संभावना, हिमाचल प्रदेश में होगी बर्फबारी
Delhi NCR Weather Forecast Today, Temperature Today: ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में मौसम शुष्क और आरामदायक रहेगा। बिहार और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों पर शाम के समय कोहरा देखने को मिल सकता है।

Weather Forecast Today, Temperature Today: मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र में अगले दो दिन तक भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी की भी संभावना है। विदर्भ और इसके आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा एक ट्रफ रेखा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के आसपास के हिस्सों में फैली हुई है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर आज तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के हिस्सों और केरल के आसपास एक कमजोर चक्रवाती हवाओं का अक्षेत्र बना हुआ है। जिसके चलते हल्की बारिश और गरज के साथ ये सिस्टम केरल और इससे सटे क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।
मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में मौसम शुष्क और आरामदायक रहेगा। बिहार और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों पर शाम के समय कोहरा देखने को मिल सकता है। इसी तरह उत्तर भारत में लद्दाख के पूर्वी हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के अवशेषों के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के ऊपरी भागों में हल्की बारिश और बर्फबारी की उम्मीद है। आज हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड का मौसम शुष्क बना रहेगा। दूसरी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शुष्क और ठंडी हवाओं के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली औऱ पश्चिमी उत्तर प्रदेश व राजस्थान में आसमान साफ रहने के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश में शाम में कोहरा छाए रहने की संभावना है।
Highlights
मौसम में बदलाव की वजह से त्योहार पर लोगों का मूड भी बदल रहा है। दिल्ली में कोरोना वायरस की दहशत और बेमौसम की बारिश से त्योहार का मजा कुछ कम हुआ है। मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक होली पर बारिश हो सकती है।
राजस्थान में कल से मौसम में कुछ बदलाव दिखेगा। 11 मार्च को तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें, ओलावृष्टि होने और तेज़ हवाएं चलेंगी।
उत्तरी भारत में तापमान में इजाफे के बावजूद कुछ राज्यों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम के जानकारों के मुताबिक जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के साथ आंधी और ओले भी पड़ सकते हैं।
पेशावर। पाकिस्तान के उत्तरी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार और लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा सोमवार को 27 पर पहुंच गया। मीडिया में आई एक खबर में ये आंकड़े सामने आए हैं। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ने खबर दी कि प्रांतीय आपदा प्रबंधन अधिकरण (पीडीएमएम) के अधिकारियों ने बताया कि प्रांत में 87 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और मूसलाधार बारिश से पूरे प्रांत में मची तबाही के बाद प्रांतीय सरकार ने मौसमी आपदा घोषित कर दी है। खबर में बताया गया कि लगातार हो रही बारिश के कारण मरने वालों की संख्या 27 पर पहुंच गई है और 12 लोग घायल हुए हैं। खैबर पख्तूनख्वा के स्वात, मरदान और चारसड्डा जिलों में लोग हताहत हुए हैं। ज्यादातर मामले छत ढहने की घचटनाओं से जुड़े हुए हैं।
जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को दूसरे दिन भी नए यातायात को अनुमति नहीं दी गई, ताकि ट्रकों सहित फंसे वाहन आवश्यक सामग्री कश्मीर घाटी तक पहुंचा सकें। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।रामबन और बनिहाल के बीच मूसलाधार बारिश के कारण कई भूस्खलन होने और बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण पिछले हफ्ते से यहां यातायात बाधित है। यह एकमात्र राजमार्ग है जो कश्मीर घाटी को देश के शेष हिस्से से जोड़ता है। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘मौसम में सुधार के साथ आज सुबह सड़क को फंसे हुए वाहनों के लिए खोल दिया गया और वर्तमान में कश्मीर की तरफ गाड़ियां सुचारू रूप से आगे बढ़ रही हैं।’’
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 11 और 12 मार्च को अलग-अलग स्थानों पर बिजली, ओलावृष्टि और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तूफान की चेतावनी जारी की गई है।
इसी तरह असम और अरुणाचल प्रदेश में बदलों की गर्जना के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है।
दिल्ली में फिलहाल मौसम भले ही साफ हो गया हो, लेकिन होली के दिन राजधानी का मौसम फिर बदलेगा। दोपहर बाद हल्की बारिश होगी, इसके साथ ही 12 मार्च तक ठीक ठाक बारिश होने के भी आसार हैं। तेज हवा चलेगी और साथ में बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे दोबारा ठंड बढ़ेंगी। वहीं, बताया गया कि 14 या 15 मार्च के बाद आसमान साफ रहेगा और इसके बाद तापमान में भी इजाफा होने लगेगा।
दिल्ली में सोमवार की सुबह मौसम सुहावना रहा। न्यूनतम पारा सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 83 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अधिकारी ने दिन में आसमान साफ रहने और 20-25 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा, ‘आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।’ रविवार को न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
हिमाचल प्रदेश में ठंड के हालात बने हुए हैं और सोमवार को केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शिमला मौसम केन्द्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि कुल्लू जिले के मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, वहीं किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने कहा कि कुफरी में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस जबकि डलहौजी में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित देशभर के कई हिस्सों में सोमवार की सुबह सुहानी नजर आई। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसने लोगों को ठंड का अहसास कराया। आज सुबह दिल्ली में हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे नजर आए हालांकि पूरे दिन यहां आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।