Weather Forecast, Temperature Today Updates: हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान हुयी भारी बर्फबारी के कारण मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तर पश्चिमी राज्यों में सर्द हवाओं के चलने का अनुमान जताया है। इन सर्द हवाओं के चलते अगले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

विभाग के अनुसार बुधवार को उत्तर पश्चिमी इलाकों में अधिकांश स्थानों पर सुबह घना कोहरा रहने की संभावना है। विभाग ने पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर मंगलवार को मामूली बारिश के मद्देनजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अधिकांश स्थानों पर बुधवार को हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। जबकि गुरुवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है।

राजस्थान में कुछ दिन की राहत के बाद सर्दी फिर रंग दिखा रही है। माउंट आबू में सोमवार रात पारा शून्य डिग्री सेल्सियस रहा।
उल्लेखनीय है कि बीते चौबीस घंटे में गंगानगर, बीकानेर और जैसलमेर सहित अनेक इलाकों में बारिश हुई है। इससे मौसम ने पलटी खायी और मंगलवार को कई स्थानों पर घना कुहरा छाया रहा।

मौसम विभाग के अनुसार बीती रात के न्यूनतम तापमान के लिहाज से माउंट आबू सबसे सर्द रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Live Blog

22:04 (IST)14 Jan 2020
बारिश और घना कोहरा छाया रहेगा

विभाग ने बुधवार को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के फिर से सक्रिय होने के कारण गुरुवार को उत्तरी राज्यों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने, सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा होने की वजह से सर्दी में इजाफा होने की संभावना जतायी है। विभाग ने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के चुनिंदा स्थानों पर मंगलवार को शीत लहर की स्थिति बरकरार रहने के मद्देनजर बुधवार को बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में और गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीत दिवस (कोल्ड डे) रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

20:36 (IST)14 Jan 2020
राजस्थान के गंगानगर और पिलानी आदि शहरों में इतना रहा तापमान

गंगानगर में यह 4.9 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 5.0 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 6.0 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 6.5 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 8.2 डिग्री और वनस्थली में 8.7 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी जयपुर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

20:35 (IST)14 Jan 2020
उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में ऐसा रहा मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश के अनेक इलाकों में शीतलहर चल रही है। राज्य के ज्यादातर मण्डलों में तापमान में गिरावट होने से गलन भरी सर्दी महसूस की गई। प्रदेश के मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कई इलाके जबर्दस्त शीतलहर की चपेट में रहे। कुछ क्षेत्रों में बारिश या बूंदाबांदी भी हुई। राज्य के फैजाबाद, लखनऊ, बरेली, मेरठ, आगरा तथा कानपुर मण्डलों में दिन के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी। फैजाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, मुरादाबाद और झांसी मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।

20:30 (IST)14 Jan 2020
हरियाणा पंजाब में ऐसा रहा मौसम का हाल

हरियाणा में ज्यादातर जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अंबाला में आठ डिग्री, नारनौल में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।  पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अमृतसर में 10.2 डिग्री, लुधियाना में 9.1 डिग्री, पटियाला में 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान में बढोतरी दर्ज की गयी। यहां पर न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

18:14 (IST)14 Jan 2020
दिल्ली एनसीआर में आज कुछ इलाकों में हो सकती है छिटपुट बारिश

दिल्ली-एनसीआर में सुबह के वक्त बादल छाए हुए हैं। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक जनकपुरी, धौला कुआं, रोहिणी, सेंट्रल दिल्ली, आनंद विहार, शहादरा, नोएडा, गाजियाबाद जैसे इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत पूर्वोतर राज्यों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

18:13 (IST)14 Jan 2020
दिल्ली में छाए रहेंगे आज बादल, सामान्य रहा तापमान

राष्ट्रीय राजधानी में दिन की शुरूआत में आसमान साफ रहा लेकिन शाम में छिटपुट बारिश हुई। दिल्ली में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है । पश्चिमी विक्षोभ के कारण 16 और 17 जनवरी को शहर में बारिश हो सकती है।

17:30 (IST)14 Jan 2020
हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी जारी

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गयी। केलांग में 45 सेंटीमीटर, कल्पा में 15.2 सेमी बर्फबारी हुई । बारिश के कारण कुल्लू जिले में भूस्खलन से बनाला रोड को बंद करना पड़ा । राज्य में छह डिग्री के साथ केलांग सबसे सर्द स्थान रहा। मौसम विभाग ने ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। मैदानी और कम ऊंचाई वाले स्थानों पर भी बारिश हो सकती है।

16:01 (IST)14 Jan 2020
बर्फबारी के चलते श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ाने प्रभावित

भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर से रवाना होने वाली और यहां पहुंचने वाली सभी उड़ानें खराब दृश्यता और रनवे पर बर्फ जमा होने के कारण रद्द कर दी गईं।

14:58 (IST)14 Jan 2020
Lucknow, Uttar Pradesh, India Three Day Weather Forecast: यूपी में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में 15 और 16 जनवरी को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। राजधानी लखनऊ सहित कहीं जिलों में मध्यम तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम निदेशक ने बताया कि इस बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आएगी। ठंड और बढ़ सकती है।

14:12 (IST)14 Jan 2020
Bhopal, Madhya Pradesh, India Three Day Weather Forecast: भोपाल में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम हुई बारिश

राजधानी भोपाल सहित पूरे संभाग में मंगलवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। कई इलाकों में करीब आधा घंटे तक झमाझम बारिश हुई। वहीं कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ चली हल्की हवाओं से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को तापमान बढ़ने से राजधानीवासी सर्दी से थोड़ी राहत महसूस कर रहे थे। मंगलवार सुबह सुबह करीब आठ बजे तक मौसम का मिजाज सोमवार जैसा ही बना हुआ था। लेकिन अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान पर घने बादल छा गए। इसी के साथ कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरु हो गई। बैरागढ़ सहित पुराने भोपाल एमपी नगर, आनंद नगर में करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। वहीं नए भोपाल में हल्की बूंदाबांदी हुई। थोड़ी ही देर बाद धूप निकल आई। मौसम विभाग का कहना है कि आज दिनभर ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है।

13:18 (IST)14 Jan 2020
जानिए केरल, कर्नाटक के मौसम का हाल

राजस्थान और गुजरात का मौसम सूखा रहेगा जबकि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। महाराष्ट्र की बात करें तो यहां आसमान में बादल छाये रहेंगे। तापमान में मामूली बढ़त के साथ मौसम खुश्क रहेगा।. दक्षिण भारत में नमी आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु से गुजरकर पूर्व की ओर जाएगी। लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने का अनुमान है जबकि केरल, कर्नाटक में मौसम गर्म और खुश्क रहने की भवियष्याणी की गई है।

12:21 (IST)14 Jan 2020
Srinagar, Jammu and Kashmir, India Three Day Weather: घाटी में बर्फबारी बनी परेशानी

कश्मीर घाटी में बीते दो दिनों से हो रही बारिश और हिमपात से लोगों की प‍रेशानियां बढ़ा दी हैं। आलम यह है कि कश्‍मीर घाटी का शेष दुनिया से हवाई और सड़क संपर्क काफी हद तक कट गया है। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को हिमस्खलन की चपेट में आने से सेना का एक जवान लापता हो गया जबकि उत्तरी कश्मीर के दावर, गुरेज में हिमस्खलन में तीन मकान और दो गोशालाएं तबाह हो गईं। वहीं वैष्णो देवी मंदिर के आसपास की त्रिकुटा पहाड़ियों और यात्रा ट्रैक पर भारी बर्फबारी के कारण बर्फ की चादर बिछ गई है। गुलमर्ग में पांच फुट से अधिक बर्फ जमा है।

11:24 (IST)14 Jan 2020
दिल्ली में बढ़ेगी सर्दी

कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के साथ उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है। कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बर्फबारी से दिल्ली और आसपास के इलाकों में सर्दियों के सितम का एक और दौर जल्‍द देखने को मिल सकता है। दिल्‍ली के उत्तर प्रदेश के कई जिले नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी मौसम का मिजाज बदलेगा और ठंड बढ़ सकती है। वहीं इन इलाकों में बारिश का भी पूर्वानुमान है। फिलहाल मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

10:32 (IST)14 Jan 2020
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर

कोहरा और ठंड बढ़ने से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। सफर ने बताया कि एक्यूआई सुबह 6 बजे 356 पर पहुंच गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। चांदनी चौक में 321, लोधी रोड में 355, आईजीआई एयरपोर्ट में 346 और आईआईटी दिल्ली में 331 दर्ज किया गया था।

10:02 (IST)14 Jan 2020
Dehradun, Uttarakhand, India Three Day Weather Forecast: उत्तरकाशी में रात भर बर्फबारी

उत्‍तराखंड के उत्‍तरकाशी जिले में रात भर हुई बारिश और बर्फबारी के कारण गंगोत्री-यमुनोत्री नेशनल हाईवे एक बार फिर से बंद हो गया है। सौ से ज्‍यादा गांवों में जबरदस्त बर्फबारी के कारण बिजली और पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। इससे तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।

09:40 (IST)14 Jan 2020
Shimla, Himachal Pradesh, India Three Day Weather Forecast: नेशनल हाईवे-3 पर यातायात परिचालन शुरू

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नेशनल हाईवे-3 पर यातायात परिचालन शुरू हो गया है। यहां लैंडस्लाइड के बाद बीते सोमवार को यातायात परिचालन रोक दिया गया था।

08:37 (IST)14 Jan 2020
Delhi, India Weather Update: जानिए कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम


दिल्ली में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 16 और 17 जनवरी को शहर में बारिश हो सकती है। बर्फबारी जारी रहने से कश्मीर में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ

08:17 (IST)14 Jan 2020
चेन्नई में सुबह छाया रहा कोहरा

चेन्नई में आज सुबह कई इलाकों में घना कोहरा नजर आया। चेन्नई के वीरूगंबाकम और वादापालानी इलाके में कोहरे की वजह से काफी धुंध नजर आई।

08:15 (IST)14 Jan 2020
UP में अगले तीन घंटे में हो सकती है बारिश

उत्‍तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले कुछ घंटों में बारिश हो सकती है या फिर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के बरेली, पीलीभीत, लखिमपुर खिरी, सीतापुर, हरदोई, कन्‍नौज, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, उन्‍नाव, लखनऊ और आसपास के इलाके में बारिश होने का पूवॉनुमान है। इससे ठंड में वृद्धि हो सकती है।

08:12 (IST)14 Jan 2020
पाकिस्तान में बर्फबारी की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत

पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में भारी बर्फबारी की चपेट में आने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। बचाव और सरकारी अधिकारियों ने बताया कि इस खराब मौसम के कारण शनिवार से प्रांत के कई हिस्सें प्रभावित हुए है। सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 14 लोग मारे गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ भारी बर्फबारी के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुईं।’’

07:45 (IST)14 Jan 2020

दिल्ली के कुछ इलाकों में में सुबह के वक्त वायु गुणवत्ता बेहद खराब रही।