भारतीय मौसम विभाग ने अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा है कि इस महीने में पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है। कुछ ऐसा ही अनुमान लू को लेकर भी जताया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक दिन लू चलने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, मई में हिमालय के तराई क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पूर्वी तटीय राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक दिन लू चलने की संभावना है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया, “मई 2026 के दौरान देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है।”

इन क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान

उन्होंने कहा, “हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों, प्रायद्वीपीय भारत के सटे क्षेत्रों और पूर्वोत्तर भारत के दक्षिणी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहने का पूर्वानुमान है।”

आईएमडी ने यह भी कहा कि मई में पूरे भारत में सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है, हालांकि पूर्व, पूर्वोत्तर और पूर्व-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है।

मई में दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, मई महीने में दिल्ली में तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहने की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली वालों को मई के कुछ दिनों में बहुत तेज गर्मी का सामना भी करना पड़ सकता है। बारिश सामान्य से बेहतर होने का अनुमान जताया गया है। चिलचिलाती गर्मी के बीच-बीच में बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश का मौसम कैसा रहेगा?

मई महीने के लिए मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि यूपी में अधिकतर जगह तापमान सामान्य या थोड़ा कम रह सकता है। रात के समय न्यनूतम तापमान थोड़ा ज्यादा रहने की संभावना है। राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर भी दिखाई देगा। बारिश सामान्य से ज्यादा होन का अनुमान जताया गया है।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग ने राजस्थान में मई महीने में सामान्य से ज्यादा गर्मी का अनुमान जताया है। राज्य में हीटवेव का भी असर संभव है। कई इलाकों मेें सामान्य या उससे ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। (इनपुट – भाषा / IMD)

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को रखें सुरक्षित, जानें जरूरी केयर टिप्स