मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के प्रदर्शन के बीच शनिवार को नई दिल्ली के पालिका बाजार के पास तनाव की स्थिति बन गई। सुरक्षा जांच सख्त होने के कारण राजधानी में आवाजाही भी प्रभावित रही।
शनिवार दोपहर करीब 2 बजे 20 लोगों के एक समूह ने एक युवा प्रदर्शनकारी को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान समूह के लोग “दिल्ली पुलिस जिंदाबाद” और “ज्ञानेश कुमार जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे।
समूह के एक सदस्य ने कहा, “जो भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देगा, हम उसे थप्पड़ मारेंगे। ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न दिया जाना चाहिए। अगर दिल्ली पुलिस लोगों को पीट रही है, तो वह सही कर रही है।”
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना को लेकर अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
इस बीच, एक अन्य वीडियो में कुछ लोगों को झंडेवालान में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को ले जा रही बस पर पत्थर फेंकते हुए देखा गया।
ये घटनाएं ऐसे समय सामने आईं, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन के आह्वान के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई थी। राजधानी में हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, उनके सहयोगी सौरव दास और यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल थे।
शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो में कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने रविवार को दोबारा प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया। अभिजीत दीपके की हिरासत के बाद युवा मंच ने उन्हें आंदोलन की अगुवाई की जिम्मेदारी सौंपी है।
शिंदे ने कहा कि हम जंतर-मंतर क्यों गए थे? हम उन 11 करोड़ मतदाताओं की ओर से वोट देने का अधिकार मांगना चाहते थे, जिनका अधिकार ज्ञानेश कुमार ने छीन लिया है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके, सौरव दास और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सोचा होगा कि हिरासत के डर से हम अपने घर लौट जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, हम घर वापस नहीं जाएंगे। रविवार को सुबह 10 बजे हम फिर जंतर-मंतर की ओर मार्च करेंगे। अगर दिल्ली पुलिस आपको रोकती है, तो वहीं प्रदर्शन शुरू कर दीजिए और उस जगह को ही जंतर-मंतर बना दीजिए। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, हम पीछे नहीं हटेंगे।
‘ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक पीछे नहीं हटेंगे’, कॉकरोच जनता पार्टी का आज फिर जंतर-मंतर मार्च
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने चुनाव सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अपना विरोध तब तक जारी रखने का संकल्प लिया है, जब तक कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। पढ़ें पूरी खबर।
