भारतीय सेना ने पाकिस्तान को बड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी भी जारी है और इस बार ऐसा घाव दिया जाएगा, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएगा।
कोर 2 जीओसी और आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने कहा कि 2025 में पाकिस्तान को सिर्फ एक छोटा-सा सैंपल दिखाया गया था। उन्होंने दावा किया कि चार दिनों के भीतर भारत ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था और उसे युद्ध रोकने के लिए संपर्क करना पड़ा था।
आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक लेफ्टिनेंट जनरल पुष्कर ने कहा कि इस बार भारतीय सेना की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुश्मन के व्यवहार पर ही निर्भर करेगा कि हमला कितना बड़ा होगा और कितना नुकसान पहुंचाया जाएगा।
जानकारी के लिए बता दें कि पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने एक बड़ा हमला किया था, जिसमें कई भारतीय पर्यटकों की जान गई थी। इस कायराना हरकत का जवाब भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” के जरिए दिया था। इस ऑपरेशन का उद्देश्य पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी कैंपों को पूरी तरह तबाह करना था।
भारत ने हवा और जमीन, दोनों मोर्चों से कार्रवाई की। तीन दिन तक चले संघर्ष के दौरान भारतीय वायु शक्ति और तीनों सेनाओं के बेहतरीन तालमेल की झलक देखने को मिली। पाकिस्तान की सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा। भारत सरकार लगातार यह कह रही है कि “ऑपरेशन सिंदूर” खत्म नहीं हुआ है, बल्कि जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्पष्ट कर चुके हैं कि अगर पाकिस्तान की तरफ से दोबारा किसी तरह की हरकत की जाती है, तो जवाब कब और कैसे देना है, इसका निर्णय भारत ही करेगा। पूरा भाषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
