Abhijeet Dipke News: नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद से ही कॉकरोच जनता पार्टी सुर्खियों में आ गई है। अब जब सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके से पूछा गया कि क्या वो अब राजनीतिक पार्टी शुरू करेंगे तो उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया दी है।
अभिजीत दीपके ने छत्रपति संभाजीनगर में मीडिया से बातचीत में कहा, “इस मामले में दो चीजें हैं जैसे कि अभी क्या हो रहा है कि चाहे पॉलिटिकल सिस्टम हो, चाहे ज्यूडिशियरी सिस्टम हो और चाहे मीडिया हो या चाहे चुनाव आयोग इन सभी संस्थानों से लोगों का भरोसा उठ चुका है। जो हमारे आंदोलन को समर्थन मिला था वो केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं था। जैसे-जैसे आंदोलन बढ़ा और जो लोगों का इन संस्थानों पर भरोसा कम हुआ है, वो गुस्सा भी दिख रहा था। जंतर-मंतर पर दिख रहा था, मुंबई-बंगाल समेत पूरे देश भर में दिखाई दे रहा था। इसलिए हमें लगता है कि इन सभी संस्थानों की विश्वसनियता को वापस लाने के लिए एक पब्लिक मूवमेंट और पब्लिक प्रेशर की जरूरत है।”
राजनीतिक पार्टियों की हालत बहुत खराब है- अभिजीत दीपके
अभिजीत दीपके ने आगे कहा, “राजनीतिक पार्टियों की हालत बहुत ही खराब है। सुबह लोग किसी को चुनते हैं और शाम को किसी और की सरकार बन जाती है। सुबह लोग एमपी-एमएलए किसी पार्टी का चुनते हैं और शाम तक वो किसी और का हो जाता है। जीतनी भी पार्टियां है, उनको तोड़ा जाता है। लोग इन सभी चीजों से त्रस्त हो चुके हैं। हमारे आंदोलन को इसलिए समर्थन मिला क्योंकि लोग अपनी विचारधाराओं और राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर उन चीजों के खिलाफ एकजुट हुए जो हमारे लोकतंत्र को कमजोर कर रही हैं। आज भारत को एक जन आंदोलन की जरूरत है।”
हम झारखंड जाएंगे- अभिजीत दीपके
झारखंड के छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, “हम निश्चित रूप से झारखंड जाएंगे। हम वहां विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ खड़े हैं। हम उनकी हर मांग का समर्थन करते हैं।”
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई हुई
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सीजेपी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा के लिए कथित जिम्मेदारी के संबंध में कार्रवाई की मांग वाली याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने मौखिक रूप से टिप्पणी करते हुए कहा कि अधिकारियों को युवा छात्र प्रदर्शनकारियों के प्रति प्रतिक्रिया देते समय संयम बरतना चाहिए और सावधानी से काम लेना चाहिए, और हिंसा को रोकने के लिए किसी भी प्रकार की हिंसक प्रतिक्रिया से स्थिति और बिगड़ती है।
सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा, “लोकतंत्र में, ऐसे शांतिपूर्ण मार्च के दौरान, सुरक्षा बलों को भी संयम बरतना चाहिए। अधिकारियों को बहुत सावधानी से काम लेने की जरूरत है ताकि युवा हिंसा में शामिल न हों। हिंसक प्रतिक्रिया से स्थिति और बिगड़ती है। सबसे शक्तिशाली स्रोत है सुनना, वे क्या कह रहे हैं और वे क्यों आंदोलन कर रहे हैं, यह सुनना।”
यह भी पढ़ें: ‘अभिजीत दीपके को तुरंत गिरफ्तार करें’, फैजान अंसारी ने की शिकायत; बोले- सोनम वांगचुक को हिरासत में लेने के लिए दिल्ली पुलिस को सलाम
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके के खिलाफ दिल्ली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी से जुड़े लोगों ने महाराष्ट्र में उन पर हमला किया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
