कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले हर व्यक्ति के साथ खड़ी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि देश के अलग-अलग मुद्दों पर पार्टी की प्रतिक्रिया के लिए उन्हें थोड़ा समय दिया जाए। दीपके का कहना है कि पार्टी नई है और उसके पास फिलहाल सीमित संसाधन हैं। इसलिए हर मुद्दे पर तुरंत प्रतिक्रिया देना आसान नहीं है।

अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो मैसेज जारी किया। दीपके ने कहा कि CJP IIT बॉम्बे के मृत छात्र साहिल वाकोडे के परिवार, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के हालात पर सवाल उठाने वालों और महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भीमाशंकर वन्यजीव अभयारण्य में पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे लोगों के साथ है। यहां प्रस्तावित हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के लिए पेड़ काटे जाने का विरोध हो रहा है।

साहिल वाकोडे से लेकर जामिया तक के मुद्दों पर दी सफाई

अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर कई लोग सवाल कर रहे हैं कि CJP साहिल वाकोडे के मामले, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के घटनाक्रम और केरल में शिक्षकों के विरोध प्रदर्शन पर क्यों नहीं बोल रही है। कुछ लोग भीमाशंकर में पेड़ों की कटाई के मुद्दे पर भी पार्टी की चुप्पी को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी साहिल वाकोडे के मामले और उनके माता-पिता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर पहले ही बोल चुकी है। दीपके ने कहा कि IIT में हाशिए पर रहने वाले कई छात्रों की आत्महत्या के मामले सामने आए हैं और पार्टी ने इस मुद्दे को भी उठाया है।

उन्होंने बताया कि जामिया और भीमाशंकर से जुड़े मामलों पर भी पार्टी ने बयान जारी किया है। दीपके ने कहा, ”अगर हम किसी मुद्दे पर तुरंत नहीं बोल पा रहे हैं तो कृपया हमें थोड़ा समय दें। हम ज्यादा से ज्यादा मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने की कोशिश करेंगे।”

10-12 दिनों में दो बार जेल जाने का किया दावा

CJP संस्थापक ने कहा कि उनकी पार्टी को बने अभी सिर्फ तीन-चार महीने हुए हैं। उसके पास न तो कोई बड़ा संगठनात्मक ढांचा है और ना ही पर्याप्त संसाधन। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10-12 दिनों में उन्हें दो बार जेल जाना पड़ा है। पार्टी के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास भी आठ दिन जेल में रहे। इसके अलावा, पार्टी के सैकड़ों स्वयंसेवकों को हिरासत में लिया गया।

दीपके ने कहा कि CJP कोई दशकों पुराना संगठन नहीं है जिसके पास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और संसाधन हों। पार्टी अपना दायरा बढ़ाने के लिए आम लोगों के समर्थन पर निर्भर है।

‘जामिया और साहिल वाकोडे के परिवार के साथ हैं’

अभिजीत दीपके ने कहा, ”हम जामिया के साथ हैं। हम भीमा कोरेगांव मामले के आरोपियों के साथ हैं। हम साहिल वाकोडे के परिवार के साथ हैं और अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हर व्यक्ति के साथ खड़े हैं।”

गौरतलब है कि CJP चुनाव आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रही है।

‘साहेब, प्लीज पहले किसानों पर ध्यान दीजिए…’, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिया सीएम फड़नवीस को जवाब

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के बयान पर उन्हें जवाब दिया है। मुख्यमंत्री फड़नवीस ‘News18 Rising Bharat Summit’ में अपनी बात रख रहे थे। 

कार्यक्रम में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सीएम फड़नवीस ने कहा कि भारत डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान के आधार पर चलता है लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) देश में केवल अराजकता फैलाने का काम कर रही है।