दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए धौला कुआं स्थित एक पेट्रोल पंप पर मौजूद उपभोक्ता ने कहा, “हमें इसे दो नजरियों से देखना होगा। एक व्यक्ति के तौर पर यह निश्चित रूप से लोगों को प्रभावित करेगा, लेकिन अगर व्यापक स्थिति को देखें तो दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध चल रहे हैं। ईंधन की उपलब्धता मुश्किल होती जा रही है। मांग बढ़ रही है और कच्चे तेल के प्रति बैरल की कीमत बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए अगर 3 रुपये की बढ़ोतरी हो रही है, तो नागरिक के तौर पर हमें बिग पिक्चर को भी समझना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, “हालांकि महंगाई पर इसका असर जरूर पड़ेगा क्योंकि पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ते ही उससे जुड़े सभी क्षेत्रों पर असर पड़ता है और वस्तुओं व सेवाओं के दाम भी बढ़ जाते हैं। मौजूदा वैश्विक हालात और युद्ध जैसी परिस्थितियों को देखते हुए मेरा मानना है कि सरकार ने यह फैसला सोच-समझकर लिया होगा। मेरी राय में हमें इसका समर्थन करना चाहिए।”

आम जनता की जेब पर असर

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के बीच भारत सरकार ने शुक्रवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये का इजाफा किया गया है। साथ ही सीएनजी के भी दाम में बढ़ोतरी की गई है। सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं।

कीमतों में बढ़तरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है जबकि डीजल 3.11 रुपये महंगा होकर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, सीएनजी की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

ईंधन के कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण जनता पहले से सशंकित थी। उन्हें यह डर सता रहा था कि ईंधन की कीमतों में बड़ा इजाफा हो है। इसके साथ ही आपूर्ति को लेकर भी वे संदेह की स्थिति में थे। इस कारण वो ईंधन की ‘पैनिक बाइंग’ कर रहे थे।

यह भी पढ़ें – पेट्रोल-डीजल-CNG महंगा होने पर कांग्रेस का वार, अखिलेश बोले- साइकिल ही विकल्प

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर एक कार्टून इमेज शेयर करते हुए लिखा कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। ईंधन की कीमतों में इजाफे को लेकर कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी को ‘महंगाई मैन’ बताते हुए लिखा कि मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया। पूरी खबर पढ़ें…