Uttar Pradesh News: सहारानपुर में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में कांग्रेस पार्टी के सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक के बीच एक अधूरे नाले को लेकर तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। बैठक में सपा सांसद इकरा हसन भी मौजूद थीं। मसूद और मलिक के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रही है।
आशु मलिक बैठक में स्थानीय समस्याएं उठाने की बात कह रहे थे। इसी दौरान इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि दूसरों को भी बोलने का मौका दिया जाना चाहिए। फिर मलिक ने कहा, “जब सवाल मेरा है तो वो क्यों बोल रहा है। ये दिशा की मीटिंग है। ये हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह नियम से चलेगी।” इस पर इमरान मसूद कहते हैं, “आपको चेयर की इजाजत लेनी पड़ेगी।”
जवाब तो सही मिलना चाहिए- विधायक
विधायक ने मीटिंग में मौजूद एक सदस्य से कहा, “आप यहां पर गलत जानकारी क्यों दे रहे हैं। जब हम कह रहे हैं कि पीएम केयर्स से आगे का नाला छोड़ दिया गया था। प्रधान और प्रमुख के बीच में विवाद था। उन लोगों के पास इतना पैसा नहीं है कि वो आगे तक बना सके। ग्राम पंचायत के पास में इतना पैसा नहीं है, उसी को लेकर विवाद है। इन्होंने पिछली बार जवाब दिया था कि हम बनवा देंगे। ऐसा नहीं था कि जवाब दिया था कच्चा नाला भी खुदवाया था। अब आप हमें नई बात बता रहे हैं, जवाब तो सही आना चाहिए।”
कोई चाय-पकौड़े खाने के लिए थोड़ी आते हैं- सपा विधायक
इसके बाद सपा विधायक ने कहा, “हम यहां पर जनता के लिए आते हैं, कोई चाय-पकौड़े खाने के लिए थोड़ी आते हैं।” इस पर बीच में टोकते हुए इमरान मसूद ने कहा, “आपको चाय-पकौड़े कौन खिला रहा है। आप नियमों में रहिए। इस तरह से आप किसी को भी नहीं कह सकते हैं कि आप गलत जानकारी दे रहे हैं। आप किसी पर आरोप नहीं लगा सकते हैं।”
पहले भी मतभेद सामने आए
गौरतलब है कि इमरान मसूद और आशु मलिक के बीच में राजनीतिक टकराव कोई नई बात नहीं है। पिछले करीब दो सालों से दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों को लेकर मतभेद सार्वजनिक तौर पर सामने आते रहे हैं। ऐसे में दिशा की बैठक में हुई बहस को भी इसी राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।
दिशा की यह बैठक करीब चार घंटे तक चली और प्रशासन की ओर से पूरी कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। अब बैठक के दौरान हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, दोनों की तरफ से कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: ‘वंदे मातरम के लिए खड़ा होऊंगा लेकिन गाऊंगा नहीं’, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दिया धर्म और संविधान का हवाला
‘वंदे मातरम’ को लेकर जारी राजनीतिक विवाद जारी है। अब सोमवार को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि वह राष्ट्रीय गीत का सम्मान करते हैं, उसके लिए खड़े भी होंगे लेकिन उसे गाएंगे नहीं। उन्होंने इसका कारण अपने धार्मिक विश्वास और संविधान से मिले अधिकारों को बताया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
