दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने शुक्रवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से आग्रह किया कि वे एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की प्रस्तावित मेगा रैली को टाल दें। सीटीआई ने चेतावनी दी कि इस रैली के कारण राजधानी के 20 बाजारों में 10000 से 12000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है।
सीटीआई ने पत्र में कहा, “दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों की ओर से मांग है कि इस रैली को दिवाली बाद 10-11 नवंबर के बाद कर दिया जाए। सीटीआई ने कहा, “हम रैली का विरोध नहीं कर रहे, हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी रोटी बचाने के लिए हाथ जोड़कर विनती कर रहे हैं। 6 नवंबर को धनतेरस है और 8 नवंबर को दिवाली है, 1 नवंबर उसकी तैयारी का सबसे पीक दिन है, अगर 1 नवंबर को 10 लाख लोग और 15-20 हजार वाहन सेंट्रल दिल्ली में आए तो 20 ऐतिहासिक बाजारों में रोजाना होने वाला 10-12 हजार करोड़ का कारोबार ठप हो जाएगा।”
सीटीआई ने बताए रैली के चार संकट
सीटीआई के पत्र में कहा गया है कि रामलीला मैदान में रैली में हिस्सा लेने वालों को लाने वाली लगभग 15000-20000 गाड़ियों के लिए पार्किंग की पूरी सुविधा नहीं है। साथ ही, मैदान में 200 बड़ी बसों के लिए भी पार्किंग की जगह नहीं है। ट्रेड बॉडी ने यह भी बताया कि रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में 20 बड़े होलसेल और रिटेल मार्केट हैं। इन मार्केट में कुल मिलाकर रोजाना 10000-12000 करोड़ रुपये का बिजनेस होता है।
पत्र में कहा गया, “31 अक्टूबर दोपहर से ही बसें और गाड़ियां दिल्ली बॉर्डर-सिंधु, टिकरी, गाजीपुर, बदरपुर पर आना शुरू हो सकती हैं और शाम से ही बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग पर बैरिकेडिंग लग सकती है, ट्रांसपोर्टर 31 अक्टूबर से ही गाड़ी भेजने से मना कर रहे हैं। तो असर 1 नवंबर नहीं, 31 अक्टूबर से ही शुरू हो जाएगा। 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर सिर्फ 5000 से 7000 लोग आए थे तो 8 घंटे तक सेंट्रल दिल्ली जाम रही थी। अब आ रहे हैं 10 लाख लोग।”
सीटीआई की सोनिया गांधी से दो मांगें
सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने सोनिया गांधी से दो मांगे की है। उन्होंने कहा, “1 नवंबर की रैली को दिवाली बाद – 10-11 नवंबर के बाद कर दिया जाए, ताकि धनतेरस और दीपावली पर कारोबार में कोई भी विघ्न ना पड़े। अगर रैली करनी ही है तो रामलीला मैदान से हटाकर बुराड़ी मैदान में की जाए जहां 15000 गाड़ियों की पार्किंग की जगह हो।”
आप हमारी विनती सुनेंगी- सीटीआई
सीटीआई ने पत्र में लिखा, “ये 20 बाजार सिर्फ बाजार नहीं, दिल्ली की धड़कन हैं। यहां रोजाना 10 से 12 हजार करोड़ का कारोबार होता है और 6 नवंबर को धनतेरस है। व्यापारी डरा हुआ है कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को सेंट्रल दिल्ली में लॉकडाउन जैसा चक्काजाम लगेगा तो उसका धनतेरस और दीपावली का माल कैसे आएगा-जाएगा। इसके अलावा रोजाना 3-4 लाख लोग दिल्ली के आसपास के शहरों और कस्बों से दिल्ली के अलग-अलग बाजारों में खरीददारी के लिए आते हैं वे भी आने से कतराएंगे। सोनिया जी, आपने हमेशा छोटे व्यापारी की आवाज सुनी है। हमें उम्मीद है कि आप हमारी विनती सुनेंगी और रैली को दिवाली बाद कर देंगी। हमने राहुल गांधी जी से भी गुहार लगाई थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। अब आखिरी उम्मीद केवल आपसे है।”
यह भी पढ़ें: ‘व्यापारियों की पीड़ा समझे…’, CTI ने राहुल गांधी को लिखा खत, रामलीला मैदान की रैली टालने की अपील
दिल्ली के कारोबारियों ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक पत्र लिखा है और एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली को 10 नवंबर के बाद तक टालने की अपील की है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने कहा कि दिल्ली के कारोबारियों को अक्टूबर में रैलियों और रोड बंद होने की वजह से पहले ही करीब 3000 करोड़ का नुकसान हो चुका है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
