आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे राहुल गांधी गांधी ने दोपहर करीब ढाई बजे मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के तीन सौ सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके दो साथियों से मिलना चाहते थे लेकिन पुलिस ने रोक दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि वे देश के प्रतिनिधि हैं और देश की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन पता नहीं क्यों उन्हें चुनाव आयोग से पचास गज दूर रोक दिया गया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह ने ज्ञानेश कुमार की मदद से देश को हाईजैक कर लिया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का काम चुनाव ठीक से करवाने का है। सांसद ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं, वो डरे हुए हैं, पता नहीं देश में क्या हो रहा है। अगर चुनाव आयोग प्रतिनिधियों से नहीं मिलेगा तो फिर लोकतंत्र का क्या मतलब है।
‘बीजेपी को खत्म करने जा रहे हैं’
मीडिया द्वारा बीजेपी की तरफ से लगाए गए झूठ बोलने के आरोपों पर उन्होंने कहा, “हम न सिर्फ बीजेपी को काउंटर कर रहे हैं, बल्कि उन्हें खत्म करने भी जा रहे हैं।”
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी क्या कहती है, उन्हें इस में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़ा हुआ हूं… अमित शाह, नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार… इन लोगों ने देश के लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। इस बात को पूरा देश मानता है। इस बात को देश के युवा मानते और समझते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि देश को नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत ने हाईजैक किया है और ज्ञानेश कुमार ने उनकी मदद की है। इन सारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। आप देखना इनमें से एक व्यक्ति बचकर नहीं जाएगा, चाहे वो नरेंद्र मोदी हों, अमित शाह हों, मोहन भागवत हों या ज्ञानेश कुमार हों। हमारे देश के साथ जो किया गया है, उसे देशद्रोह कहा जाता है, कोई भी बच नहीं पाएगा।”
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के प्रदर्शन के लाइव अपडेट्स
