ओमान तट के पास होर्मुज जलमार्ग के पास हुए जहाज हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के युवा नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई है। रविवार को अपने पिता के साथ हुई आखिरी फोन कॉल में भारतीय नाविक आदित्य शर्मा ने उन्हें अमेरिकी सेना की वॉर्निंग और पालाऊ के झंडे वाले अपने मर्चेंट टैंकर एमटी सेटेबेल्लो पर तनावपूर्ण स्थिति के बारे में बताया था।

आदित्य के पिता राजेश शर्मा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हमारी लगभग रोज बात होती थी। रविवार को एक व्हाट्सएप कॉल पर, उसने मुझे बताया कि पिछले दो हफ्तों में उन्हें अमेरिकी नौसेना से कम से कम दो बार वॉर्निंग मिली थी और जहाज अभी भी होर्मुज जलमार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था। हम चिंतित थे। उसी दिन उनके आस-पास एक और जहाज पर हमला हुआ था, लेकिन उसने हमें भरोसा दिलाया कि उस जहाज पर मौजूद सभी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।”

तीन भारतीय नाविकों की मौत

23 साल के आदित्य शर्मा उन तीन भारतीय नाविकों में शामिल थे, जिनकी मौत 9 जून को ओमान के तट के पास एमटी सेटेबेल्लो पर अमेरिकी सेना के हमले में हो गई थी। यह हमला होर्मुज जलमार्ग को लेकर चल रहे तनाव के बीच हुआ था। जहाज पर मौजूद 24 भारतीय नाविकों में से 21 को बचा लिया गया, जबकि तीन लापता हो गए।

अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने टैंकर पर हमला तब किया जब उसने ओमान तट के पास, होर्मुज जलमार्ग के बाहर अमेरिका द्वारा लगाई गई नाकेबंदी का उल्लंघन करने की कोशिश की।

हमीरपुर के रहने वाले थे आदित्य

आदित्य हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के रहने वाले थे और पिछले साल नवंबर से कमर्शियल जहाज पर डेक कैडेट के तौर पर काम कर रहे थे। उनके पिता ने बताया कि जब उनके बेटे के लापता होने की खबर आई, तो परिवार बेचैनी से खबरें देख रहा था। गुरुवार सुबह पालाऊ के झंडे वाले जहाज को चलाने वाली कंपनी से जानकारी मिलने के बाद उन्हें उसकी मौत के बारे में पता चला।

राजेश शर्मा ने कहा, “हमें बताया गया है कि संबंधित दूतावास ने भारतीय सरकार को सूचित कर दिया है। हमें नहीं पता कि उसका शव मिला है या नहीं। हम और जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।”

क्या उन्हें कोई मदद मिली?

परिवार अब चाहता है कि सरकार दखल दे और शव को वापस लाने में मदद करे। उन्होंने कहा, “मैं जानना चाहता हूं कि उनके आखिरी पलों में क्या हुआ था। हालात क्या थे, उन्हें बचाने के लिए क्या कोशिशें की गईं। क्या उन्हें कोई मदद मिली? जिंदा रहने के लिए उन्होंने कितनी हिम्मत से लड़ाई लड़ी होगी। जहाज पर मौजूद लोगों को ही सबसे पहले बचाया जाता है।”

गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा, “पालाऊ के झंडे वाले जहाज एमटी सेटेबेलो पर हुई दुखद घटना के बारे में जानकर बहुत अफसोस हुआ। दुख की बात है कि शुरू में लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है, उनके शव मिल गए हैं और उनकी पहचान कर ली गई है। मोदी सरकार इस मुश्किल घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके परिजनों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बचाए गए क्रू सदस्यों को तुरंत वापस लाया जाए और मृतकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए जल्द से जल्द वापस लाने की व्यवस्था की जाए।”

कहां से पढ़ें आदित्य?

पंजाब के जालंधर में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद, आदित्य ने चेन्नई की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी से नॉटिकल साइंस की पढ़ाई की। अपनी पहली तैनाती पर जहाज पर जाने से पहले, उन्होंने ग्लासगो, स्कॉटलैंड से नॉटिकल साइंस में एडवांस्ड डिप्लोमा भी पूरा किया था।

उनके पिता राजेश ने कहा, “जब वह नवंबर 2025 में शामिल हुए थे, तब कोई युद्ध नहीं हो रहा था। उन्होंने हमें बताया था कि जहाज पहले चीन-सिंगापुर रूट पर चला था और अब ओमान जा रहा था। वह मई में ओमान से उतरने (साइन ऑफ करने) की योजना बना रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने दो महीने और रुकने का फैसला किया। वह डेक कैडेट थे और कभी-कभी टॉवर पर नजर रखते थे।”

शर्मा ने पूछा, “दो और नाविकों की मौत हो गई है। वे भी मेरे बच्चों की तरह थे। मुझे समझ नहीं आ रहा कि इतनी सारी जानें क्यों खतरे में डाली गईं, जबकि बार-बार चेतावनी दी जा रही थी। हमारे नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा।”

दुनिया में फिर गहराया तेल संकट

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच चुका है। पिछले दो दिनों से लगातार हमले हो रहे हैं। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े सैन्य कमान ने गुरुवार को ऐलान करते हुए स्पष्ट कर दिया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को एक बार फिर बंद किया जा रहा है। ईरान ने चेतावनी देते हुए यह भी कहा है कि अगर कोई भी जहाज या नौका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश करेगी तो उस पर हमला किया जा सकता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…