अकाली दल (Waris Punjab De) गुरुवार को चंडीगढ़ में बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक और दलित आइकन बाबू कांशीराम की पुण्यतिथि पर एक सेमिनार आयोजित करेगा। इसे संगठन की ओर से अपनी राजनीतिक पहचान को जेल में बंद प्रमुख नेता और खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह की छवि से आगे ले जाने की पहली बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
इस कार्यक्रम में कांशीराम की बहन स्वर्ण कौर के भी शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन ऐसे समय हो रहा है जब संगठन 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अपने सामाजिक आधार का विस्तार करने की कोशिश कर रहा है। खासतौर पर दलित समुदाय के बीच पैठ बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
अब तक संगठन की राजनीतिक गतिविधियां मुख्य रूप से अमृतपाल सिंह और सिख पहचान तथा पंजाब के अधिकारों से जुड़े मुद्दों के इर्द-गिर्द रही हैं। कांशीराम और बहुजन राजनीति का सहारा लेकर संगठन अपने राजनीतिक नैरेटिव में सामाजिक न्याय का मुद्दा जोड़ना चाहता है, ताकि अपने पारंपरिक समर्थक वर्ग से आगे जाकर दूसरे मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके।
कार्यक्रम के संयोजक गंगवीर राठौर ने कहा कि कांशीराम की विचारधारा पार्टी के वैचारिक रुख के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि बाबू कांशीराम सामाजिक न्याय के बड़े नायक थे। उनकी सामाजिक इंजीनियरिंग बहुजनवाद के जरिए सभी को समानता दिलाने पर आधारित थी। वे श्री गुरु ग्रंथ साहिब की विचारधारा को अपना घोषणापत्र मानते थे और छुआछूत तथा जातिगत भेदभाव से मुक्त समानतापूर्ण समाज बनाने की दिशा में काम करते थे।
अकाली दल (WPD) ने सेमिनार के लिए लगाए गए प्रचार पोस्टरों में कांशीराम की तस्वीर के साथ उनका कथन “गुरु ग्रंथ साहिब इज माई मैनिफेस्टो” भी इस्तेमाल किया है।
राठौर ने कहा कि पार्टी कांशीराम के उस विचार से प्रेरणा लेना चाहती है, जिसमें अलग-अलग वंचित समुदायों को एकजुट करने पर जोर दिया गया था। उन्होंने कहा कि पंजाब में किसानों और दलितों के बीच जातिगत विभाजन को लगातार गहरा करने की कोशिशें हो रही हैं। कांशीराम जी पूर्ण समानता में विश्वास करते थे और समझते थे कि मेहनतकश समुदायों के बीच जातिगत खाई बढ़ाना बहुजनवाद की मूल भावना को नुकसान पहुंचाता है।
उन्होंने कहा कि वे एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर आजादी के बाद के भारत में एक बड़ा आंदोलन खड़ा करने में सफल हुए। अगर हमें अपनी विचारधारा का दायरा बढ़ाना है और अपना राजनीतिक गठजोड़ व्यापक करना है तो हमें उनके विचारों को अपनाना होगा, उनकी दृढ़ता और संघर्ष से प्रेरणा लेनी होगी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाना होगा।
यह कदम ऐसे राज्य में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां दलित आबादी करीब 32 प्रतिशत है। पंजाब में राजनीतिक दल पारंपरिक रूप से किसान समुदाय और अनुसूचित जाति के मतदाताओं के हितों के बीच संतुलन साधने की कोशिश करते रहे हैं।
संगठन के उभरते राजनीतिक ढांचे में दलित प्रतिनिधित्व भी दिखाई दे रहा है। फरीदकोट के सांसद सरबजीत सिंह खालसा संगठन के प्रमुख दलित चेहरों में से एक हैं। हालांकि, उनकी राजनीतिक पहचान काफी हद तक उनके पारिवारिक इतिहास से जुड़ी रही है। वह बेअंत सिंह के पोते हैं, जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या में शामिल हत्यारों में से एक थे।
एक अन्य प्रमुख दलित चेहरा बसंत सिंह दौलतपुर हैं, जिन्हें पार्टी ने निहाल सिंह वाला विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। मजहबी सिख समुदाय से आने वाले दौलतपुर वारिस पंजाब दे के संस्थापक सदस्यों में शामिल हैं। उन्होंने शुरुआत में अभिनेता से सामाजिक कार्यकर्ता बने दीप सिद्धू के साथ काम किया था। अमृतपाल की तरह वह भी मार्च 2023 के अजनाला पुलिस थाने की घटना के बाद से जेल में हैं।
कांशीराम के नाम और विचारधारा को आगे बढ़ाने की कोशिश ऐसे समय हो रही है जब विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी के साथ संभावित समझौते को लेकर अटकलें तेज हैं। हालांकि बसपा प्रमुख मायावती कह चुकी हैं कि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी।
इस बीच अकाली दल (WPD) ने चुनाव से पहले राजनीतिक दलों, किसान संगठनों और स्थानीय संगठनों के साथ बातचीत के लिए एक समन्वय समिति का गठन किया है।
दलित राजनीति की ओर संगठन का रुख उसके प्रचार अभियान में भी दिखाई दे रहा है। दोआबा क्षेत्र के कुछ हिस्सों से सामने आ रहे प्रचार सामग्री में बसपा संस्थापक कांशीराम की तस्वीरें अमृतपाल सिंह, मारे गए खालिस्तानी आतंकवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले, दीप सिद्धू और मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की तस्वीरों के साथ दिखाई दे रही हैं।
मंगलवार को संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिसमें एमएलआई अमृतप्रीत सिंह अयाली और सांसद खालसा शामिल थे। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग द्वारा पार्टी के पंजीकरण में कथित देरी का मुद्दा उठाया। संगठन ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे के नाम पर उसके पंजीकरण की प्रक्रिया में जानबूझकर बाधा डाली जा रही है। अयाली ने बाद में कहा कि देश की सुरक्षा को खतरा बताकर हमारी पार्टी के पंजीकरण को रोकना पूरी तरह अन्याय है।
पंजाब के सबसे जाने-माने प्रवर्तन अधिकारियों में से एक ने ऐसा राजनीतिक कदम उठाया जिसने सब को चौंका दिया। जालंधर में प्रवर्तन निदेशालय के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह, अकाली दल (‘वारिस पंजाब दे’) में शामिल हो गए। पढ़ें पूरी खबर।
