मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल में एक दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला पहले से एक बेटी की मां थी और परिवार में बेटे की उम्मीद के बीच दूसरी संतान के रूप में बेटी पैदा होने से वह परेशान थी।

पुलिस ने बताया कि नवजात बच्ची 3 अक्टूबर को अस्पताल में मृत मिली थी। घटना के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की गई और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई।

2 अक्टूबर की रात हुआ था बच्ची का जन्म

पुलिस के अनुसार, बच्ची का जन्म 2 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे चंदेरी इलाके में हुआ था। जन्म के बाद उसे चिकित्सकीय निगरानी के लिए अशोकनगर जिला अस्पताल लाया गया था। बच्ची को स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में भर्ती कराया गया था।

3 अक्टूबर को बच्ची अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। उसके मुंह से खून निकल रहा था और गर्दन पर दबाव के निशान दिखाई दिए थे। अस्पताल ने मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमार्टम में सामने आया गला दबाने का शक

मेडिकल जांच में बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं होने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, नवजात की गर्दन दबाए जाने के कारण उसकी मौत हुई थी। इसके बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हालांकि, जिस प्रसूति वार्ड में बच्ची की मौत हुई वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं था। ऐसे में पुलिस के सामने घटना की कड़ी जोड़ना चुनौतीपूर्ण था।

परिवार में बेटे की उम्मीद की हो रही थी चर्चा

अशोकनगर के पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने बच्ची के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच की। इसी दौरान बच्ची की मां से पूछताछ में घटनाक्रम को लेकर कुछ विसंगतियां सामने आईं।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसकी पहले से एक बेटी है। परिवार में दूसरी संतान के रूप में बेटे की उम्मीद को लेकर चर्चाएं हो रही थीं। महिला को भी उम्मीद थी कि इस बार बेटा होगा, लेकिन दूसरी संतान भी बेटी होने के बाद वह परेशान हो गई।

गुस्से में बच्ची का गला दबाने का आरोप

पुलिस का कहना है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद महिला कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान हो गई और गुस्से में उसने नवजात का गला दबा दिया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि महिला से पूछताछ मेडिकल क्लीयरेंस लेने के बाद की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने इस बात का भी ध्यान रखा कि वह मृत बच्ची की मां है।

अस्पताल में ही क्यों हुआ शक?

पुलिस के अनुसार, बच्ची को एसएनसीयू में भर्ती किए जाने के कारण उसके पास लोगों की पहुंच सीमित थी। ऐसे में जांच के दौरान परिवार के किसी सदस्य के बच्ची तक पहुंचने की संभावना भी सामने आई। सीसीटीवी फुटेज और परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश की और आखिरकार बच्ची की मां तक जांच पहुंची। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर Live आकर प्रेमी जोड़े ने दी जान, परिवार समेत 57 लोग देख रहे थे लाइव

गुजरात के दाहोद जिले में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग लड़की और करीब 23 वर्षीय युवक ने जंगल के इलाके में इंस्टाग्राम पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान उनके परिवार के कुछ सदस्य भी लाइव देख रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।