आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के गाजुवाका औद्योगिक क्षेत्र में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में भीषण आग लग गई। आग रिफाइनरी परिसर के भीतर लगी है। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर हैं। हालांकि इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है।आग के कारण आसपास के इलाकों में घना धुआं छा गया, जिससे स्थानीय निवासियों में चिंता फैल गई।

खबरों के मुताबिक आग सल्फर पिच टैंक में लगी थी। विशाखापत्तनम पुलिस आयुक्त शंखब्रता बागची ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आग टैंक तक ही सीमित है और रिफाइनरी के अन्य हिस्सों को कोई खतरा नहीं है।

तुरंत बंद की गई बिजली आपूर्ति

एचपीसीएल की दमकल गाड़ियां और अन्य अग्निशमन दल आग पर काबू पाने में लगे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि धुआं खतरनाक नहीं है और अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है। राहत कार्य जारी है और अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। एहतियात के तौर पर रिफाइनरी अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया। प्रभावित परिसर में लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए परिसर के चारों ओर पुलिस बल तैनात किए गए।

पहले भी लग चुकी है आग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस रिफाइनरी में 2013 में कूलिंग टावर में धमाका हुआ था, जिसमे 2 की मौत और 37 घायल हुए थे। वहीं मई 2021 में भी इस रिफाइनरी में आग लगी थी। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ था और इसपर तुरंत काबू पा लिया गया था।

1957 में शुरू की गई थी रिफाइनरी

यह रिफाइनरी साल 1957 में शुरू की गई थी। साथ ही यह भारत के पूर्वी तट की सबसे पुरानी और बड़ी रिफाइनरियों में से एक है, जो कच्चे तेल से पेट्रोल, डीजल और गैस बनाने का काम करती है।

यह भी पढ़ें- नॉर्थ ब्लॉक से उठता दिखाई दिया धुआं, दमकल की छह गाड़ियां मौके पर मौजूद, देखें वीडियो

सोमवार सुबह संसद भवन परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब नॉर्थ ब्लॉक से काला धुआं उठता नजर आया। दिल्ली फायर सर्विस की तरफ से बताया गया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने मौके पर दमकल की छह गाड़िया भेजीं। उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल पर कुछ तोड़फोड़ का काम चल रहा था और आग बुझा दी गई है। पढ़ें पूरी खबर