तमिलनाडु में चुनाव परिणाम आने के बाद ही ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ शुरू हो गई है। सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत से पीछे रह जाने के कारण सी. जोसेफ. विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने बहुमत जुटाने की कोशिशों के बीच अपने 108 नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के चेंगलपट्टू स्थित एक होटल में ठहराया है। विधानसभा में बहुमत जुटाने के लिए टीवीके को 118 विधायकों की जरूरत है।

नए चुने गए एमएलए को रिजॉर्ट में ठहराने का मकसद सभी को एकजुट रखना है क्योंकि टीवीके के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं है।

‘खरीद-फरोख्त’ को रोकने के लिए ऐहतियातन कदम

विधायकों को कड़ी सुरक्षा वाले रिज़ॉर्ट में रखा गया है जहां से वे अन्य राजनीतिक दलों के संपर्क में नहीं आ सकेंगे। जानकारी के मुताबिक, सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी भी तरह की संभावित ‘खरीद-फरोख्त’ को रोकने के लिए यह सिर्फ एक एहतियाती कदम है।”

आपको बता दें कि तमिलनाडु में हुए विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी ने अप्रत्याशित जीत हासिल की है। 108 सीटें जीतकर टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। मंगलवार को विजय ने अपने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक भी की जिसमें उन्हें निर्विरोध विधायक दल का नेता चुना गया। तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीट के लिए 23 अप्रैल को चुनाव हुए थे और सोमवार यानी चार मई को परिणाम आया।  

बहुमत के लिए कांग्रेस से गठबंधन

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, टीवीके, कांग्रेस और अन्य कुछ दलों के साथ गठबंधन सरकार बना सकती है। कांग्रेस के पास पांच सीटें हैं, वीसीके के पास दो, सीपीआई और सीपीआई (एम) के पास दो-दो सीटें हैं। अगर ये सभी पार्टियां साथ आती हैं तो कुल 11 विधायकों का एक मजबूत संगठन बनेगा। टीवीके को आईयूएमएल, डीएमडीके या पीएमके के कुछ वर्गों जैसे दलों से अतिरिक्त समर्थन भी मिल सकता है।

सूत्रों ने बताया कि गठबंधन में साथ आने पर कांग्रेस को दो मंत्रालय मिलने की संभावना है जबकि अन्य छोटी पार्टियों को एक-एक पोर्टफोलियो मिलेगा। टीवीके अपने सहयोगी दलों को चार से छह मंत्री पद दे सकती है।

राज्यपाल से बहुमत साबित करने का मौका देने का अनुरोध

तमिलनाडु के नवनिर्वाचित विधायक और टीवीके विधायक दल के नेता जोसेफ विजय ने पत्र लिखकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने का समय मांगा है और सदन में बहुमत साबित करने का अवसर देने के लिए अनुरोध किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले के कहा जा रहा कि टीवीके के चीफ विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

यह भी पढ़ें: सिनेमा से सत्ता तक: विजय की एंट्री ने बदली तमिलनाडु की राजनीति, क्या शुरू हुआ नया युग | संपादकीय

तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बनने की परंपरा की नींव एमजी रामचंद्रन ने रखी थी। उन्होंने वर्ष 1972 में द्रमुक से अलग होकर अन्नाद्रमुक पार्टी का गठन किया और लंबे समय तक राज्य की सत्ता संभाली। अब तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता विजय भी उनकी राह पर हैं। उनकी पार्टी टीवीके राज्य विधानसभा चुनावों में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। पढ़ें पूरी खबर…