Tamil Nadu News: डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने शनिवार को मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सरकार पर भारतीय जनता पार्टी की जेरॉक्स होने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार एआईएडीएमके विधायकों को शामिल करके विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एआईएडीएमके विधायकों की अंधाधुंध खरीद कर रहे हैं।
अन्ना अरिवलयम में पार्टी की महिला विंग की बैठक को संबोधित करते हुए तमिलनाडु के पूर्व सीएम स्टालिन ने कहा, “अब तमिलनाडु के जिन वोटरों ने टीवीके को वोट दिया था, उन्हें लग रहा है कि उन्होंने उन्हें वोट क्यों दिया। इस सरकार में अपराध बढ़ गए हैं। हर न्यूज चैनल पर गंभीर अपराधों की खबरें देखी जा सकती हैं। हाल की खबरों में, श्रीवैकुंटम में सत्ताधारी पार्टी के ही एक कार्यकर्ता ने यौन उत्पीड़न किया है। टीवीके अध्यक्ष ने चुनाव से पहले महिलाओं की सुरक्षा पर बात की थी और कहा था कि उनके कार्यकर्ता महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा करेंगे, लेकिन अब खबर आ रही है कि उनके अपने ही कार्यकर्ता यौन अपराधों में शामिल हैं।”
विजय को पार्टी कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं- डीएमके अध्यक्ष
डीएमके अध्यक्ष ने कहा, “चुनाव के समय विजय ने कहा था कि टीवीके कार्यकर्ता महिलाओं की सुरक्षा करेंगे, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि टीवीके कार्यकर्ताओं से ही महिलाओं को बचाने की जरूरत है। अब टीवीके नेता विजय एआईएडीमके विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल कर रहे हैं। हमें लगता है कि उन्हें अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं है और इसीलिए वे ऐसा कर रहे हैं। बीजेपी दूसरे राज्यों में जो करती है, वही विजय तमिलनाडु में कर रहे हैं।”
विजय की टीवीके बीजेपी की जेरॉक्स कॉपी है- एमके स्टालिन
एमके स्टालिन ने आगे कहा, “विजय की टीवीके, बीजेपी की जेरॉक्स कॉपी है। अभी हाथ की स्याही का निशान भी नहीं मिटा होता कि विधायक इस्तीफा देकर टीवीके में शामिल हो जाते हैं। यह सरकार शर्मनाक है। इस सीएम को खुद पर भरोसा नहीं है और इसीलिए वे उस पार्टी (AIADMK) से लोगों को तोड़ रहे हैं जिसे वे ‘खोखली ताकत’ कहते थे। असल में, उनकी अपनी पार्टी ही ‘खोखली ताकत’ है।
महिला कार्यकर्ताओं से पूर्व सीएम ने की अपील
पूर्व सीएम ने महिला कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, “अब मैं सभी महिला कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे यह संदेश लोगों तक पहुंचाएं। हमारी अपनी नीतियां और इतिहास है। अगर लोगों को हमारे बारे में पता चलेगा, तो वे जरूर हमारा समर्थन करेंगे। हमारा आंदोलन और पार्टी ज्ञान पर आधारित है। मैं चाहता हूं कि आप सभी लोगों को इसके बारे में बताएं। आइए, हम सब मिलकर कड़ी मेहनत करें।”
यह भी पढे़ं: यह सरकार तीन महीने भी चल पाएगी या नहीं- एमके स्टालिन
टीवीके सरकार पर पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमने कहा था कि हम छह महीने तक सरकार की आलोचना करने से बचेंगे लेकिन इन्होंने राज्य में ऐसे हालात बना दिए हैं कि चर्चा अब जरूरी हो गई है। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
