तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय ने ऐलान किया है कि महिलाओं के लिए चलाई जा रही ‘कलईगनार मगलीर उरिमाई थोगई’ (कलईगनार महिला अधिकार सहायता योजना) योजना की मई महीने की किस्त जल्द जारी की जाएगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
इस योजना की शुरुआत पिछली DMK सरकार ने की थी और योजना का नाम दिवंगत नेता एम. करुणानिधि के सम्मान में रखा गया था।
जल्द खातों में आएगी मई की किस्त
मुख्यमंत्री विजय के हवाले से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। बयान में कहा गया, ”सरकार को ‘कलईगनार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना के पुनर्गठन के लिए कुछ समय चाहिए। मुख्यमंत्री जोसफ विजय ने निर्देश दिए हैं कि मई महीने की 1,000 रुपये की किस्त जल्द से जल्द महिलाओं के खातों में जमा कराई जाए।” विजय के इस ऐलान के बाद गृहिणियों और योजना से जुड़ी महिलाओं में खुशी का माहौल है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का वादा किया था।
कलईगनार महिला अधिकार योजना की लाभार्थी महिलाओं के खातों में आखिरी बार फरवरी में 5,000 रुपये ट्रांसफर किए गए थे। चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण फरवरी, मार्च और अप्रैल की 1000-1000 रुपये की किस्तों के साथ 2,000 रुपये की विशेष ग्रीष्मकालीन सहायता राशि अग्रिम रूप से जमा कर दी गई थी। हालांकि मई महीने की किस्त अब तक जारी नहीं हुई थी।
डीएमके ने साधा निशाना
महिला सहायता योजना की किस्त में हो रही देरी पर डीएमके चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विजय सरकार पर साधा निशाना और पूछा- ‘1000 रुपये देने में देरी क्यों?’
DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने तमिलनाडु की विजय सरकार को ‘कलईगनार महिला अधिकार सहायता योजना’ की मई किस्त में देरी को लेकर घेरा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाते हुए कहा कि मई महीने की राशि 15 तारीख तक महिलाओं के खातों में पहुंच जानी चाहिए थी।
स्टालिन ने लिखा, ”मौजूदा योजना को जारी रखने में अब देरी क्यों हो रही है? सरकार किस तरह का पुनर्गठन करने जा रही है? आपने तो कल ही विधानसभा में कहा था कि द्रविड़ मॉडल सरकार की कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी।”
उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा, ”2500 रुपये प्रति माह देने का वादा करने के बाद अब 1000 रुपये देने में भी देरी करना क्या यही आपका बदलाव है?”
तमिलनाडु सरकार की ‘कलैग्नार महिला अधिकार सहायता योजना’ को लेकर DMK नेता आरएस भारती ने कहा, ”कल उन्होंने (मुख्यमंत्री विजय) कहा था कि मौजूदा योजनाएं जारी रहेंगी लेकिन आज वह अपने बयान से पलट गए हैं।”
