तमिलनाडु में सार्वजनिक कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नई टीवीके सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय द्वारा जारी आदेश के तहत धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंड के 500 मीटर के दायरे में स्थित 717 शराब दुकानों को अगले दो सप्ताह के भीतर बंद करने का निर्देश दिया गया है।

राज्य सरकार के अधीन तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) वर्तमान में पूरे राज्य में 4,765 खुदरा शराब दुकानें संचालित कर रहा है। मुख्यमंत्री विजय के निर्देश पर की गई समीक्षा में यह पाया गया कि कई दुकानें संवेदनशील क्षेत्रों के बेहद पास थीं जिससे सामाजिक और सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रभाव पड़ सकता है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार बंद की जाने वाली 717 दुकानें इस प्रकार है:

-धार्मिक स्थलों के पास: 276 दुकानें
-शैक्षणिक संस्थानों के पास: 186 दुकानें
-बस स्टैंडों के पास: 255 दुकानें

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, चेन्नई-9 द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि इन सभी दुकानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और इसके लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सरकारी आदेश को राज्य में शराब बिक्री नीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है जिससे आने वाले समय में शहरी नियोजन और सार्वजनिक स्थानों के आसपास के नियमों पर भी असर पड़ने की संभावना है।

सीएम बनने के बाद विजय के बड़े फैसले

बता दें कि अभिनेता से राजनेता बने विजय ने रविवार (10 मई) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सीएम बनने के तुरंत बाद विजय ने हर महीने 100 यूनिट मुफ्त बिजली, महिला सुरक्षा बल और नशा-विरोधी तंत्र की तीन बड़ी योजनाओं पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने मंत्रियों और नेताओं को चेतावनी भी दी थी कि सत्ता में मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा विजय ने दावा किया था कि तमिलनाडु के आर्थिक हालत पर जल्द श्वेत पत्र (White Paper) जारी किया जाएगा। उन्होंने दावा किया था कि राज्य में पिछली डीएमके सरकार 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर गई है।

विजय ने पारदर्शी शासन, सामाजिक न्याय और जनता का पैसा न लूटने वाली सरकार देने का वादा किया। टीवीके गठबंधन को विधानसभा में 120 विधायकों का समर्थन मिला है और विजय को 13 मई से पहले बहुमत साबित करना होगा।

स्टालिन से की सीएम विजय ने मुलाकात

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को अपने पूर्ववर्ती एवं द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन से उनके घर पर मुलाकात की। विजय स्टालिन के अलवरपेट स्थित आवास पर मिलने के लिये पहुंचे। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी।