तमिलनाडु की नई सी. जोसेफ विजय सरकार ने राज्य से रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार खत्म करने के वादे के साथ जनता के बहुमत से सत्ता हासिल की थी। हाल ही में करूर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विजय ने कहा था कि अगर कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगता है तो लोग बेझिझक कहें कि हम रिश्वत नहीं देंगे, यह हमारी विजय सरकार है।

इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए तमिलनाडु सरकार ने अब भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें दर्ज कराने के लिए एक नया व्हाट्सऐप नंबर जारी किया है ताकि आम लोग बेहद आसान तरीके से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि यदि राज्य का कोई सरकारी कर्मचारी या वरिष्ठ अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो नागरिक 9498180936 नंबर पर व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सरकार ने यह भी बताया कि इस व्यवस्था के तहत 24 घंटे शिकायतों की निगरानी की जाएगी और प्राप्त शिकायतों पर जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सर्कुलर हुआ जारी

इसके अलावा, तमिलनाडु सरकार के मुख्य सचिव एम. साई कुमार ने एक सर्कुलर भी जारी किया है। सभी सरकारी विभागों के प्रमुखों और जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी सरकारी कार्यालयों और उन सार्वजनिक स्थानों पर जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, भ्रष्टाचार उन्मूलन संबंधी जागरूकता बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। इसका उद्देश्य लोगों को रिश्वत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक बनाना है।

जारी सर्कुलर में निर्देश दिया गया है कि राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में ‘रिश्वत देना और लेना अपराध है’ मैसेज वाले जागरूकता बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। हालांकि, इससे पहले भी ऐसे निर्देश जारी किए गए थे। लेकिन कई कार्यालयों में उनका सही तरीके से पालन नहीं हुआ था। इसी को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने इस बार सभी विभागाध्यक्षों को बिना किसी देरी के इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और इसके अनुपालन की विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपने का आदेश दिया है।

सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी सरकारी विभागों की आधिकारिक वेबसाइटों पर नए जारी किए गए व्हाट्सएप नंबर (9498180936) और भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता विभाग (Directorate of Vigilance and Anti-Corruption – DVAC) की वेबसाइट का पता प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।

भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने के कई विकल्प

व्हाट्सऐप के अलावा सरकार ने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए अन्य माध्यम भी उपलब्ध कराए हैं। नागरिक ईमेल व फोन नंबर के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं-

ईमेल: dvac@nic.in
फोन नंबर:
044-22321090
044-22321085
044-22310989
044-22342142

इसके अलावा, जो लोग डाक या व्यक्तिगत रूप से शिकायत दर्ज कराना चाहते हैं। वे अपनी शिकायत निम्न पते पर भेज या जमा कर सकते हैं-

भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता विभाग (DVAC)
नंबर 293, एम.के.एन. रोड,
अलंदूर, चेन्नई – 600016

औचक निरीक्षण के भी निर्देश

सर्कुलर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिला कलेक्टर कार्यालयों की निरीक्षण इकाइयों और निगरानी टीमों को सभी सरकारी कार्यालयों में समय-समय पर औचक निरीक्षण करना होगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भ्रष्टाचार उन्मूलन से संबंधित सरकार के सभी आदेशों का प्रत्येक सरकारी कार्यालय में प्रभावी ढंग से पालन हो रहा है।

नियुक्ति के 2 महीने बाद ही हटाए गए तमिलनाडु के DVAC चीफ ए. अरुण

तमिलनाडु की राजनीति और प्रशासनिक हलकों से एक अहम खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य की भ्रष्टाचार-विरोधी संस्था (DVAC) के निदेशक ए. अरुण का ट्रांसफर कर दिया है। खास बात यह है कि उनकी नियुक्ति के दो महीने के भीतर ही उन्हें इस पद से हटा दिया गया है।