वाराणसी-नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को ट्रेन में स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 31 अक्टूबर को इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के बाद यह देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन है। औरेंज और ग्रे रंग की यह ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम करेगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, रोजगार और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे दोनों क्षेत्रों के आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्ते भी मजबूत होंगे।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में क्या मिलेगा खाने को?

इस साल की शुरुआत में रेल मंत्रालय ने बताया था कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों को क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। मंत्रालय के मुताबिक, लंबी रात की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए ट्रेन में अच्छी गुणवत्ता वाली खानपान सुविधाएं मिलेंगी। यात्रियों को उनके क्षेत्र के खास व्यंजन भी खाने को मिलेंगे।

डिनर में यात्रियों को जीरा राइस या सादा चावल का विकल्प मिलेगा। इसके साथ पीली दाल तड़का या दूसरी तरह की दाल परोसी जाएगी। खाने में पनीर या क्षेत्रीय शाकाहारी सब्जी के अलावा चिकन की डिश का विकल्प भी होगा।

इसके साथ पैक्ड दही या छाछ, मिठाई और अन्य जरूरी चीजें भी खाने में शामिल होंगी।

हफ्ते में छह दिन चलेगी ट्रेन

रेलवे के मुताबिक, वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 27421) शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिन चलेगी। वहीं नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 27422) शनिवार को छोड़कर बाकी छह दिन संचालित होगी।

रास्ते में इन चार स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच सफर के दौरान यह ट्रेन चार स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद शामिल हैं।

कितना होगा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया?

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया अलग-अलग क्लास के हिसाब से तय किया गया है।

  • थर्ड एसी (3A): 1915 रुपये
  • सेकंड एसी (2A): 2470 रुपये
  • फर्स्ट एसी (1A): 3030 रुपये

जानिए ट्रेन की टाइमिंग

वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन नंबर 27421 रात 8:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।

वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यह ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।