Vande Bharat Sleeper train update: रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के पहले प्रोटोटाइप लॉन्च की टाइमलाइन में बदलाव कर दिया है। अब आरवीएनएल की योजना वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के पहले प्रोटोटाइप को जून 2026 की जगह दिसंबर 2026 तक लॉन्च करेगी। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही की अर्निंग कॉन्फ्रेंस कॉल मे आरवीएनएल के चेयरमैन और मैनेजिग डायरेक्टर (CMD) सलीम अहमद ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन करीब 14,400 करोड़ रुपये की वैल्यू वाला एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है।
RVNL के सीएमडी ने कहा, ”एक महत्वपूर्ण परियोजना वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट है जो 14400 करोड़ रुपये की परियोजना है और इसमें 35 वर्षों के रखरखाव (मेंटेनेंस) की व्यवस्था शामिल है। इस परियोजना का काम हमारी विशेष प्रयोजन इकाई (SPV) ‘काइनेट रेलवे सॉल्यूशंस’ द्वारा किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि पहला प्रोटोटाइप ट्रेन सेट दिसंबर 2026 तक लॉन्च किया जाएगा।”
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन: दिसंबर 2026 मे पहला प्रोटोटाइप
इससे पहले फरवरी में RVNL के सीएमडी ने कहा था कि वंदे भारत स्लीपर परियोजना के तहत कंपनी का पहला बड़ा माइलस्टोन भारतीय रेल (IR) को प्रोटोटाइप ट्रेनसेट सौंपना होगा।
उन्होंने कहा, “वंदे भारत हमारे लिए और भारतीय रेल दोनों के लिए एक प्रतिष्ठित परियोजना है। हम 120 ट्रेनसेट का निर्माण कर रहे हैं। मौजूदा समय में हमारा काम निर्धारित योजना के अनुसार प्रगति पर है। हमारा पहला मील का पत्थर रेलवे को प्रोटोटाइप ट्रेनसेट उपलब्ध कराना होगा। हमे उम्मीद है कि रेलवे के कार्यक्रम के अनुसार हम इस वर्ष के भीतर यह मील का पत्थर हासिल कर लेंगे जो मेरी समझ से जून 2026 है।” यह जानकारी उन्होंने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के अर्निंग्स कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान कही थी।
16-कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का निर्माण
आरवीएनएल के नेतृत्व वाला संयुक्त उपक्रम 16-कोच वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का निर्माण करेगा। कुल 120 ट्रेनसेट बनाने की योजना है जिससे कुल कोच उत्पादन 1,920 कोच तक पहुंच जाएगा।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का टेंडर
रेल मंत्रालय ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के निर्माण का कॉन्ट्रैक्ट तीन कंपनियों को दिया गया है:
-BEML
-Kinet Railway Solutions (रूसी रोलिंग स्टॉक कंपनी TMH और आरवीएनएल के बीच संयुक्त उपक्रम)
-Titagarh Rail Systems Limited तथा Bharat Heavy Electricals Limited का कंसोर्टियम
जनवरी 2026 में शुरू की गई हावड़ा-कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का विकास BEML ने चेन्नई स्थित Integral Coach Factory (ICF) की टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके किया था।
काइनेट रेलवे सॉल्यूशंस का प्रथम एसी कोच डिज़ाइन
15 अक्टूबर 2025 को भारत-रूस संयुक्त उपक्रम Kinet Railway Solutions ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच की डिजाइन अवधारणा (डिज़ाइन कॉन्सेप्ट) का अनावरण किया।
चार-बर्थ वाले नए फर्स्ट एसी कम्पार्टमेंट में प्राइवेसी का ज्यादा ध्यान रखा गया है। इस कोच में हर ऊपरी बर्थ तक आसान पहुंच के लिए सीढ़ी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रत्येक सीट में निम्न सुविधाएं उपलब्ध हैं:
-इनबिल्ट USB चार्जिंग पोर्ट
-पर्सनल रीडिंग लाइट
-स्मार्ट स्टोरेज सॉल्यूशन
इन सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
