Vande Bharat Train News: सोमवार को बीजेपी के राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने सदन में अपने राज्य के लिए एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की मांग की। घनश्याम तिवारी ने राज्यसभा को जयपुर से सीकर होकर बीकानेर तक के लिए एक वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग करते हुए कहा कि इससे वहां के कारोबारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को बहुत लाभ होगा।
शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए बीजेपी के घनश्याम तिवाड़़ी ने कहा कि जयपुर राजस्थान की राजधानी है और प्रख्यात पर्यटन स्थल भी है। उन्होंने कहा कि गुलाबी नगरी धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोविंद देव जी, गोपीनाथ जी और मोती डूंगरी गणेश जी के मंदिरों में दर्शन करने के लिए आते हैं।
घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि जयपुर से सीकर, बीकानेर, भीलमाता, रवासर धाम, शाकम्बरी और खाटू श्याम जी, सालासार जाने वाले कई यात्रियों की संख्या भी कम नहीं है। उन्होंने कहा, ”इसके अलावा सीकर शिक्षा का केंद्र भी बन गया है तथा तीन लाख से अधिक विद्यार्थी वहां विभिन्न संस्थानों में अध्ययन करते हैं।”
राजस्थान में कहां-कहां चल रही वंदे भारत?
उन्होंने ने कहा कि फिलहाल जयपुर से दिल्ली, जयपुर से जोधपुर, जयपुर से देहरादून के लिए वंदे भारत ट्रेन चल रही हैं लेकिन जयपुर से सीकर होते हुए बीकानेर के लिए कोई ट्रेन नहीं है। उन्होंने मांग की कि जयपुर आने वाले कारोबारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए गुलाबी नगरी से सीकर होते हुए बीकानेर तक के लिए वंदे भारत ट्रेन चलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जयपुर में अमृत स्टेशन भी विकसित हो चुका है।
यह भी पढ़ें: पूर्वोत्तर भारत की पहली वंदे भारत में बड़ा बदलाव
भारतीय रेलवे ने नॉर्थ-ईस्ट इंडिया की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के स्टॉपेज में बदलाव किया है। इस ट्रेन का मेंटेनेंस और ऑपरेट नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) जोन कर रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
