उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है। बीजेपी दावा कर रही है कि वह लगातार तीसरा विधानसभा चुनाव जीत कर राज्य में सरकार बनाएगी। हालांकि सूबे में कुछ सीटें ऐसी भी हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी आज तक एक भी चुनाव नहीं जीत सकी है।
बीजेपी के इन सीटों पर सफल न हो पाने की कई वजह हैं, जिनमें स्थानीय क्षत्रपों का प्रभाव और सामाजिक व जातीय समीकरण बेहद अहम हैं।
प्रतापगढ़ की कुंडा (राजा भैया) व रामपुर खास (प्रमोद तिवारी) और इटावा की जसवंत नगर (मुलायम सिंह परिवार) सीट पर पर जबरदस्त प्रभाव है। इसके उलट आजमगढ़ की लालगंज, गोलापुर और कानपुर की सीसामऊ सीटों पर जातीय और सामाजिक समीकरण बीजेपी के पक्ष में नहीं रहता।
आइए नजर डालते हैं, उन दस विधानसभा सीटों पर जहां जीत के लिए तरस रही बीजेपी
रामपुर खास विधानसभा सीट – प्रतापगढ़ जिले की इस सीट पर कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता प्रमोद तिवारी का लंबे समय से प्रभाव है। पिछले चुनाव में यहां उनकी बेटी आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने जीत हासिल की थी। उन्हें 84,334 वोट मिले थे जबकि दूसरे स्थान पर रहे बीजेपी के नागेश प्रताप सिंह को 69,593 वोटों से संतोष करना पड़ा था। वह साल 2012 में भी इसी सीट से चुनाव जीती थीं।
इस सीट पर 1974 से अब तक सिर्फ एक बार कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। साल 1977 में हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी को यहां तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। इसके बाद यहां 1980 के चुनाव में प्रमोद तिवारी के दौर की शुरुआत हुई जो अब तक जारी है। प्रमोद तिवारी रामपुर खास सीट पर लगातार नौ विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। वह अभी राज्यसभा सांसद हैं।
कुंडा विधानसभा सीट – प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट पर राजा भैया का प्रभाव है। वह यहां साल 1993 से लगातार चुनाव जीत रहे हैं। पिछले चुनाव में इस सीट पर बीजेपी तीसरे नंबर पर रही जबकि रघुराज प्रताप सिंह ने 99,612 वोट हासिल कर चुनाव जीता। यहां दूसरे स्थान पर सपा के गुलशन यादव को 69,297 वोट मिले।
बीजेपी यहां आखिरी चुनाव साल 1991 में जीती थी। इसके बाद कुंडा सीट पर राजा भैया ने ही जीत दर्ज की। राजा भैया पहले यहां निर्दलीय चुनाव जीतते थे। अब वह अपनी पार्टी – जनसत्ता दल के बैनर तले चुनाव लड़ते हैं।
जसवंतनगर विधानसभा सीट – इटावा जिले की जसवंतनगर विधानसभा सीट को सपा का गढ़ कहा जाता है। यहां से मौजूदा विधायक शिवपाल सिंह यादव हैं। उन्हें पिछले चुनाव में 1,59,718 वोट मिले जबकि बीजेपी के विवेक शाक्य को महज 68,739 वोटों से संतोष करना पड़ा।
इस सीट पर साल 1977 से अब तक सिर्फ एक बार यादव परिवार को हार का सामना करना पड़ा है। साल 1980 में मुलायम सिंह यादव को हार का सामना करना पड़ा था, उन्हें कांग्रेस के बलराम सिंह यादव ने जीत दर्ज की थी।।
1996 से इस सीट पर शिवपाल सिंह यादव सपा के टिकट पर जीत रहे हैं जबकि उनके बड़े भाई मुलायम सिंह यादव यहां सपा से पहले जनता पार्टी, लोकदल और जनता दल के टिकट पर भी चुनाव लड़ चुके हैं। बीजेपी को आज भी इस सीट पर खाता खुलने का इंतजार है।
मल्हनी विधानसभा सीट– जौनपुर जिले की मल्हनी विधानसभा सीट पर लगातार सपा का परचम फहरा रहा है। इस सीट पर पिछले तीन चुनावों में सपा को ही सफलता मिली है। साल 2022 विधानसभा चुनाव में यहां सपा के लकी यादव ने 97,357 वोट हासिल कर जीत दर्ज की जबकि 79,830 वोट हासिल कर जदयू के धनंजय सिंह दूसरे स्थान पर रहे। यहां। बीजेपी के कृष्ण प्रताप सिंह 18,319 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
रसड़ा विधानसभा सीट– बलिया जिले जीत की इस सीट पर पिछले चुनाव में बसपा के उमाशंकर सिंह ने 87,887 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने सुभासपा-सपा गठबंधन के महेंद्र को चुनाव हराया। महेंद्र को 81,304 वोट मिले जबकि तीसरे स्थान पर रहे बीजेपी के बब्बन को 24,235 वोटों से संतोष करना पड़ा।
यहां जीते बसपा के उमाशंकर सिंह का कुछ दिनों पहले निधन हो गया था। वह यहां बीएसपी के टिकट पर लगातार तीन चुनाव जीते थे जबकि उनसे पहले भी बसपा का प्रत्याशी यहां तीन बार जीत चुका है। बीजेपी ने यहां साल 1996 में ही जीत दर्ज की थी।
ऊंचाहार विधानसभा सीट – रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा सीट पर इस बार बीजेपी को खाता खुलने की उम्मीद है। यहां सपा के टिकट पर पिछले तीनों चुनाव जीतने वाले मनोज पांडेय अब बीजेपी का हिस्सा हैं।
वह साल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के पाले में आ गए थे, उन्हें इस साल मई महीने में योगी सरकार में मंत्री भी बनाया गया। पिछले चुनाव में उन्होंने बीजेपी के अमरपाल मौर्य को छह हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
सीसामऊ विधानसभा सीट – कानपुर नगर की इस विधानसभा सीट पर साल 1991, 1993 और फिर 1996 में हुए चुनावों में बीजेपी ने जीत हासिल की थी। इसके बाद से अब तक यहां बीजेपी जीत के लिए तरह रही है।
2022 विधानसभा चुनाव में यहां हाजी इरफान सोलंकी ने जीत दर्ज की थी। अभी उनकी पत्नी नसीम यहां की विधायक हैं। वह दो साल पहले यहां हुए उपचुनाव में जीती थीं। इरफान सोलंकी सीसामऊ विधानसभा सीट पर सपा के सिंबल पर लगातार तीन चुनाव जीत चुके हैं। उनसे पहले कांग्रेस भी यहां दो चुनाव जीती थी।
गोपालपुर विधानसभा सीट – आजमगढ़ जिले की गोपालपुर विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में सपा के नफीस अहमद ने बीजेपी के सत्येंद्र राय को 24 हजार वोटों से हराया था। उन्हें 84,401 वोट जबकि सत्येंद्र राय को 60,094 वोट मिले। यहां तीसरे नंबर पर रहे बसपा के रमेश चंद यादव को 45,211 वोटों से संतोष करना पड़ा।
गोपालपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी का खाता आज तक नहीं खुला है। यहां 1991 के चुनाव में जनता दल ने जीत हासिल की थी। इसके बाद यहां बसपा दो और सपा पांच पर विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।
लालगंज विधानसभा सीट – आजमगढ़ जिले की इस विधानसभा सीट पर साल 1996 में बीजेपी ने जीत हासिल की थी। साल 1991 , 1993, 2002, 2007 और 2017 में यहां बीएसपी ने जीत का परचम लहराया था। सपा ने यहां साल 2022 और साल 2012 में विजय हासिल की।
आजमगढ़ की इस सीट पर हुए पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के बेचाई ने 83,767 वोट हासिल कर बीजेपी की नीलम को 14,733 वोटों से हराया। बीजेपी प्रत्याशी को चुनाव में 69,034 वोट जबकि बसपा के आजाद अरिमर्दन को 57,809 वोट मिले।
बाबागंज विधानसभा सीट– साल 2008 में अस्तित्व में आई प्रतापगढ़ जिले की इस सीट पर तीन चुनाव हो चुके हैं। इन तीनों ही चुनाव में न सिर्फ बीजेपी बल्कि अन्य किसी प्रमुख दल को भी जीत हासिल नहीं हुई है। पिछले चुनाव में यहां जनसत्ता दल के विनोद कुमार ने जीत दर्ज की थी। इससे पहले वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर यहां दो चुनाव जीत चुके हैं। उन्हें राजा भैया का करीबी माना जाता है।
यह भी पढ़ें: पिछली बार इन 18 सीटों पर दूसरे स्थान पर थी बसपा, चार छोड़ अन्य विधानसभाएं कह रहीं ‘अलग कहानी’
