दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। भीषण गर्मी के बीच हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को कई इलाकों में बारिश की संभावना पहले ही जताई गई थी और उसी के तहत मौसम का मिजाज भी बदलता दिखाई दिया।
गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। लखनऊ को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले 24 घंटों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की ओलावृष्टि की भी संभावना है। मेरठ में भी रविवार सुबह से मौसम बदला हुआ नजर आया और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। यूपी के करीब 30 जिलों में रविवार को बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, संत कबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और हरदोई समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इन इलाकों में भी रविवार को हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
